Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रविवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट संख्या 212 में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के समय फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठते देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
Mathura Yamuna Expressway Accident: मौत को सामने देख माँ ने दो बच्चों को खिड़की से बाहर फेंका, खुद आग में समा गई!
बड़ा हादसा टला

गनीमत यह रही कि प्रेमानंद जी महाराज पिछले एक महीने से श्री राधाहित कैलिकुंज में निवास कर रहे थे। उनकी अनुपस्थिति के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर जल्द ही काबू पा लिया।
पत्रकारों और स्थानीय लोगों से अभद्रता
घटना के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब महाराज के सेवादारों ने कवरेज कर रहे पत्रकारों और वीडियो बना रहे स्थानीय लोगों को जबरन रोकना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेवादारों ने कई लोगों के मोबाइल फोन छीन लिए और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। इस अभद्र व्यवहार ने मौके पर तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
संत के सेवादारों के इस उग्र और अमर्यादित व्यवहार से स्थानीय ब्रजवासियों में गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि संकट के समय जब वे मदद के लिए पहुंचे थे, तब सेवादारों ने सेवा भाव दिखाने के बजाय अभद्रता का परिचय दिया। इस घटना ने वृंदावन के धार्मिक और सामाजिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सेवादारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासनिक जांच
दमकल विभाग ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने आग से बचाव को लेकर बिल्डिंग में लगे उपकरणों की जांच भी शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।










