Market Closed on Shri Mahavir Jayanti: श्री महावीर जयंती के अवसर पर आज घरेलू स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं हो रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों बंद हैं। वहीं कमोडिटी मार्केट भी सुबह से बंद है लेकिन शाम के इवनिंग सेशन में यह खुलेगा। कमोडिटी मार्केट का मॉर्निंग सेशन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होता है, जबकि इवनिंग सेशन शाम 5:00 बजे से रात 11:30/11:55 बजे तक चलता है। 1 अप्रैल से यानी नए वित्त वर्ष 2027 के पहले दिन से स्टॉक और कमोडिटी मार्केट सामान्य रूप से खुलेंगे।
वित्त वर्ष 2026 का आखिरी दिन

30 मार्च को वित्त वर्ष 2026 का आखिरी कारोबारी दिन था और इस दिन बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी पर बिकवाली का दबाव रहा। बैंकों के डॉलर पोजिशन पर आरबीआई की सख्ती ने बैंकिंग स्टॉक्स को बुरी तरह प्रभावित किया। निफ्टी की मंथली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 1635.67 अंक यानी 2.22% गिरकर 71,947.55 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 भी 488.20 अंक यानी 2.14% गिरकर 22,331.40 पर बंद हुआ।
मार्च का प्रदर्शन
मार्च महीने में निफ्टी 50 में 11% से अधिक की गिरावट दर्ज हुई। यह मार्च 2020 यानी कोरोना महामारी के बाद से किसी भी महीने में सबसे बड़ी गिरावट रही। broader market में भी दबाव दिखा और निफ्टी मिडकैप व स्मॉलकैप इंडेक्स 2.5% से अधिक टूट गए। सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। ऑटो, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, टेलीकॉम, रियल्टी, प्राइवेट बैंक और पीएसयू बैंक के इंडेक्स 2-4% तक गिर गए।
एक्सपर्ट्स की राय
कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान के अनुसार निफ्टी और सेंसेक्स ने 22,500 और 72,500 का अहम सपोर्ट लेवल तोड़ दिया है। मौजूदा परिस्थितियों में ये स्तर शॉर्ट टर्म में रेजिस्टेंस का काम करेंगे। अगर बाजार इन स्तरों के नीचे बना रहता है तो निफ्टी 22,100-22,000 और सेंसेक्स 71,300-71,000 तक फिसल सकता है। वहीं 22,000/71,000 के नीचे बंद होने पर चिंता बढ़ सकती है। हालांकि मीडियम से लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह खरीदारी का अवसर हो सकता है। अगर बाजार 22,500/72,500 के पार जाता है तो शॉर्ट कवरिंग से यह 22,700/73,100 तक जा सकता है।
एशियाई बाजारों की स्थिति
घरेलू बाजार बंद रहने के कारण निवेशकों की नजर एशियाई बाजारों पर है। गिफ्ट निफ्टी 0.94% की बढ़त के साथ 22,643.50 पर है। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स और चीन का शंघाई कंपोजिट हरे निशान में हैं। वहीं हॉन्ग कॉन्ग का हैंगसैंग, इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट और जापान का निक्केई 225 मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में हैं। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2% से अधिक गिरा है और ताइवान वेटेड भी करीब 1% फिसला है।
Dollar Vs Rupee: RBI के कड़े एक्शन से संभला रुपया, डॉलर के मुकाबले 1.22 रुपये की जोरदार रिकवरी!









