Mardaani 3 Review: मर्दानी 3 एक बार फिर साबित करती है कि एक सशक्त अभिनेत्री स्क्रीन पर क्या कमाल कर सकती है। रानी मुखर्जी इस फिल्म में सिर्फ नजर नहीं आतीं, बल्कि हर सीन में छा जाती हैं। यह फिल्म न केवल एक क्राइम थ्रिलर है, बल्कि एक संवेदनशील और झकझोर देने वाली कहानी भी है, जो छोटी बच्चियों के गायब होने जैसे गंभीर मुद्दे को बेहद असरदार तरीके से सामने रखती है।
Mardaani 3 Box Office Day 1: Border 2 के बीच मर्दानी 3 की एंट्री, क्या हिट साबित होगी रानी की फिल्म?
कहानी

फिल्म की कहानी एक शहर से अचानक गायब हो रही बच्चियों के इर्द-गिर्द घूमती है। इन मामलों की जांच की जिम्मेदारी एक बार फिर आईपीएस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय (रानी मुखर्जी) संभालती हैं। शुरुआत में मामला किसी आम सेक्स रैकेट जैसा लगता है, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, सच्चाई उससे कहीं ज्यादा भयावह और दर्दनाक निकलती है।
क्यों ये बच्चियां गायब हो रही हैं? कुछ को बेरहमी से क्यों मार दिया जाता है? इन सवालों के जवाब फिल्म धीरे-धीरे खोलती है, जो दर्शकों को भीतर तक झकझोर देता है। कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहती, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और समाज की कड़वी सच्चाइयों को भी उजागर करती है।
कैसी है फिल्म
मर्दानी 3 एक प्रभावशाली और सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म है। इसकी शुरुआत काफी मजबूत है, जो आपको तुरंत कहानी से जोड़ लेती है। हालांकि बीच में स्क्रीनप्ले थोड़ा भटकता हुआ महसूस होता है, लेकिन रानी मुखर्जी की मौजूदगी फिल्म को कमजोर नहीं पड़ने देती। फिल्म में कई ऐसे मोड़ आते हैं जो आपको बेचैन कर देते हैं। दर्शक लगातार यह जानना चाहता है कि उन मासूम बच्चियों के साथ आखिर हो क्या रहा है। जब सच्चाई सामने आती है, तो दिल पसीज जाता है। कुछ दृश्य इतने भारी हैं कि लंबे समय तक दिमाग में रह जाते हैं। कुल मिलाकर फिल्म आपको असहज करती है, लेकिन यही इसकी ताकत भी है।
अभिनय
फिल्म की सबसे बड़ी जान रानी मुखर्जी हैं। उन्होंने शिवानी रॉय के किरदार को पूरी ईमानदारी और ताकत के साथ जिया है। मराठी लहजे में संवाद बोलना हो, एक्शन सीन हों या इमोशनल पल—हर जगह रानी पूरी तरह फिट बैठती हैं। उनकी डायलॉग डिलीवरी दमदार है और एक्शन में वो किसी भी बड़े हीरो से कम नहीं लगतीं। विलेन के रूप में मल्लिका प्रसाद अम्मा ने अपने किरदार में डर पैदा करने की भरपूर कोशिश की है और काफी हद तक सफल भी रही हैं। जानकी बोड़ीवाला ने भी अपने हिस्से का काम अच्छी तरह निभाया है।
राइटिंग और डायरेक्शन

फिल्म की कहानी आयुष गुप्ता, दीपक किंगरानी और बलजीत सिंह मारवाह ने लिखी है, जबकि निर्देशन की कमान अभिराज मिनावाला ने संभाली है। लेखन और ज्यादा कसदार हो सकता था, लेकिन निर्देशन मजबूत है। रानी मुखर्जी के किरदार को जिस तरह से पेश किया गया है, वह फिल्म को खास बनाता है।
मर्दानी 3 कोई हल्की-फुल्की मनोरंजन फिल्म नहीं है। यह एक गंभीर विषय पर बनी, असर छोड़ने वाली फिल्म है। कुछ खामियों के बावजूद रानी मुखर्जी की शानदार एक्टिंग इसे देखने लायक बनाती है। अगर आप सशक्त अभिनय और मजबूत विषय वाली फिल्में पसंद करते हैं, तो यह फिल्म जरूर देखें।
रेटिंग – 3.5 स्टार्स
Border 2 Box Office Collection Day 7: 7वें दिन भी कर रही कमाल! जानें टोटल कलेक्शन









