Mamata Banerjee SIR: SIR पर ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर हमला, ऐप, मौतों और सुप्रीम कोर्ट तक मामला

ममता बनर्जी बनाम चुनाव आयोग: क्या वोटर लिस्ट विवाद ले जाएगा बंगाल को कोर्ट की दहलीज तक? पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के 'SIR' अभियान को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐप ठीक से काम नहीं कर रहा और लिस्ट में भारी गड़बड़ियां हैं। क्या यह केवल तकनीकी खामी है या इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक साजिश? ममता बनर्जी अब इस जंग को सुप्रीम कोर्ट ले जाने की तैयारी में हैं।

Mamata Banerjee SIR

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 6, 2026

Mamata Banerjee SIR: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर कड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चल रही SIR कवायद पारदर्शी नहीं है और इसमें नियमों की अनदेखी की जा रही है। ममता का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए कई योग्य मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा असर पड़ रहा है।

Mamata Banerjee SIR: भाजपा आईटी सेल के ऐप्स इस्तेमाल करने का दावा

साउथ 24 परगना जिले के सागर आइलैंड में मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव आयोग SIR के लिए भाजपा की आईटी सेल द्वारा बनाए गए मोबाइल ऐप्स का उपयोग कर रहा है। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि एक संवैधानिक संस्था का इस तरह कथित रूप से किसी राजनीतिक दल की तकनीक पर निर्भर होना निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।

Mamata Banerjee SIR: बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को परेशान करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR के नाम पर योग्य मतदाताओं को “मरा हुआ” घोषित किया जा रहा है और बुजुर्ग व गंभीर रूप से बीमार लोगों को सुनवाई के लिए मतदान केंद्रों पर बुलाया जा रहा है। उन्होंने इसे अमानवीय करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदाता की गरिमा सर्वोपरि होनी चाहिए, न कि उसे डर और दबाव में डालना।

जनता से सतर्क रहने और एक-दूसरे की मदद की अपील

ममता बनर्जी ने आम लोगों से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया में भाग लेते समय सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मदद की जरूरत है, उनका साथ दिया जाना चाहिए। ममता ने स्पष्ट किया कि उन्हें राजनीतिक समर्थन की नहीं, बल्कि उन नागरिकों की सहायता की जरूरत है जो इस प्रक्रिया के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया मनमाने तरीके से चलाई जा रही है और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं हो रहा। TMC का कहना है कि इस अभियान ने असली और पात्र मतदाताओं की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं।विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि वह SIR के दौरान हुई कथित मौतों के मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग “वॉट्सऐप के जरिए चलाया जा रहा है।” ममता का दावा है कि SIR शुरू होने के बाद डर और तनाव के कारण करीब 70 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं।

मौतों के आरोप और सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी

ममता ने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से बीमार लोगों को भी वैधता साबित करने के लिए लंबी कतारों में खड़ा किया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि अगर किसी 85 वर्षीय महिला को एम्बुलेंस से उतारकर लाइन में खड़ा किया जाए, तो इसका जवाब कौन देगा। ममता ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह सुप्रीम कोर्ट में एक आम नागरिक के रूप में जनता की आवाज बनकर पेश होंगी और अपने कानूनी ज्ञान का इस्तेमाल करेंगी।

Read More: Aman Rao Perala: विजय हजारे ट्रॉफी में अमन राव पेराला का दोहरा शतक, हैदराबाद ने बनाए 350 रन