West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रण में अब तक केवल बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा ही गूंज रहा था, लेकिन अब इसमें पाकिस्तान की गीदड़भभकी भी शामिल हो गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उकसावे वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर तीखे प्रहार किए और पाकिस्तानी धमकी पर कड़ा जवाब न देने पर सीधे उनके इस्तीफे की मांग कर डाली।
ममता बनर्जी ने PM मोदी से पूछे तीखे सवाल
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी के रुख पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल राजनीतिक लाभ के लिए बंगाल को निशाना बनाते हैं।
सीएम ममता ने मंच से पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि,”आप (प्रधानमंत्री) अपनी हर चुनावी रैली में सिर्फ बंगाल और यहां की सरकार को निशाना बनाते हैं, लेकिन जब पाकिस्तान सीधे बंगाल की राजधानी कोलकाता पर हमले की बात करता है, तो आपके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकलता। ऐसे में देश की सुरक्षा के नाम पर आपको तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।”
कूचबिहार की रैली में PM मोदी के मौन पर उठाए सवाल
वहीं, मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले कूचबिहार में हुई पीएम मोदी की विशाल जनसभा का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। सीएम ममता ने पूछा कि जब प्रधानमंत्री खुद बंगाल की धरती पर खड़े थे, तब उन्होंने इस बेहद संवेदनशील और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को अपनी स्पीच में शामिल क्यों नहीं किया?
उन्होंने प्रधानमंत्री से जवाब मांगते हुए कहा…
सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से जवाबदेही मांगते हुए कहा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी क्यों नहीं?: जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री खुलेआम कहते हैं कि वे कोलकाता को निशाना बनाएंगे, तो देश के प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि हम पाकिस्तान के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई करेंगे?
इसी कड़ी में आगे, सीएम ममता बनर्जी ने दो टूक लहजे में साफ कर दिया कि, जिस तरह हम भारत देश पर किसी भी बाहरी खतरे को कतई स्वीकार नहीं करते ,ठीक वैसे ही हम अपने प्रिय शहर कोलकाता को दी गई किसी भी गीदड़भभकी को स्वीकार नहीं करेंगे.
क्या था पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बयान ?
दरअसल, आर्थिक रूप से पूरी तरह बदहाल हो चुके पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के आंतरिक मामलों में दखल देते हुए जहर उगला था। शनिवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अपनी हवाई बयानबाजी और कोरी धमकियों की सारी हदें पार कर दी थीं।
ख्वाजा आसिफ ने अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों के सामने डींगें हांकते हुए कहा था कि भविष्य में यदि भारत की तरफ से किसी भी प्रकार का सैन्य संघर्ष या ऑपरेशन होता है, तो पाकिस्तान उसका जवाब सीधे कोलकाता पर हमला करके देगा।
हवाबाजी और कोरी धमकियों का पुराना इतिहास
विशेषज्ञों और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे सैन्य ऑपरेशनों का गहरा जख्म आज भी पाकिस्तान के सीने में हरा है। यही कारण है कि वहां के नेता अपनी घरेलू विफलताओं को छुपाने के लिए इस तरह के युद्धोन्मादी और उल-जलूल बयान देते रहते हैं।
ख्वाजा आसिफ का यह कोई पहला भड़काऊ बयान नहीं है, वे पहले भी भारत के खिलाफ इस तरह की बेतुकी और भ्रामक हवाबाजी करते रहे हैं। इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान केवल पाकिस्तानी नेतृत्व की बिगड़ती मानसिक स्थिति और हताशा को दर्शाते हैं। हालांकि, देश की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर अब भारत के भीतर ही जमकर सियासत और बयानबाजी शुरू हो गई है।










