Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज होने जा रहा है। उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने जा रही हैं। शनिवार सुबह वे अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं और शाम पांच बजे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। इस कदम के साथ महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।
Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार के सामने बड़ी चुनौती, महायुति में पति की जगह बनाना आसान नहीं
एनसीपी नेताओं से मुलाकात

शपथ ग्रहण से पहले एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की। पार्टी ने उन्हें आधिकारिक रूप से विधायक दल का नेता बनाने का निर्णय लिया है। दोपहर दो बजे मुंबई के विधान भवन में एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें लगभग 40 विधायक शामिल होंगे। इस बैठक में सुनेत्रा पवार को औपचारिक रूप से नेता चुना जाएगा। इसके बाद शाम पांच बजे उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां
सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के लोक भवन या राजभवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र सरकार और महायुति गठबंधन एनसीपी के इस निर्णय का पूरा समर्थन करेगा। इससे यह साफ हो गया है कि सुनेत्रा पवार को सत्ता गठबंधन का पूरा सहयोग मिलेगा।
शरद पवार गुट में हलचल
गौरतलब है कि एनसीपी (शरद पवार गुट) और अजित पवार गुट के बीच विलय की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। लेकिन सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है। बारामती में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के निवास गोविंद बाग में पार्टी नेताओं की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक में सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार, युगेंद्र पवार और संदीप क्षीरसागर मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
परिवार की एकजुटता पर शरद पवार का बयान
जब शरद पवार से पूछा गया कि क्या उन्हें सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने के फैसले पर भरोसे में लिया गया था, तो उन्होंने कहा कि परिवार में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर परिवार पर कोई विपदा आती है, तो परिवार एकजुट रहता है। परिवार में कोई मतभेद नहीं है।” इस बयान से स्पष्ट है कि पवार परिवार इस कठिन समय में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।









