Maharashtra Rajya Sabha 2026: महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी अपने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया लगभग अंतिम दौर में पहुंचा चुकी है। 24 फरवरी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक निवास पर पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में चार उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए महायुति गठबंधन छह सीटें जीतने की स्थिति में है, जबकि महाविकास आघाड़ी को एक सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है।
विनोद तावड़े समेत कई नामों पर मंथन
बीजेपी चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। इनमें से एक सीट के लिए केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का नाम लगभग तय माना जा रहा है। शेष तीन सीटों के लिए कई दावेदार सक्रिय हैं। संभावित नामों में विनोद तावड़े, विजया रहाटकर और धैर्यशील पाटील शामिल हैं।विनोद तावड़े पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यदि उन्हें राज्यसभा भेजा जाता है तो इसे उनकी सक्रिय संसदीय राजनीति में वापसी के तौर पर देखा जाएगा।
सहयोगी दलों की रणनीति और संभावित चेहरे
महायुति के अन्य घटक दल भी अपनी-अपनी सीटों को लेकर रणनीति बना रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) और शिवसेना (शिंदे गुट) एक-एक सीट पर उम्मीदवार उतारेंगे। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद बदले राजनीतिक हालात में उनके पुत्र पार्थ पवार को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा जोरों पर है।प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने संकेत दिया है कि अधिसूचना जारी होने के बाद पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा, हालांकि पार्थ पवार के नाम पर व्यापक सहमति बताई जा रही है।
शिवसेना में भी दावेदारी तेज
शिवसेना (शिंदे गुट) में भी राज्यसभा सीट को लेकर हलचल है। पूर्व सांसद राहुल शेवाले का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं वरिष्ठ नेता गजानन कीर्तिकर भी इच्छुक बताए जाते हैं, लेकिन उनकी उम्र को लेकर पार्टी के भीतर ज्यादा उत्साह नजर नहीं आ रहा। सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने संकेत दिया है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जल्द ही आधिकारिक घोषणा करेंगे।
महाविकास आघाड़ी में एक सीट पर खींचतान
विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी की एकमात्र संभावित सीट को लेकर कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव गुट) ने दावा पेश किया है। हालांकि अंतिम फैसला राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार की भूमिका पर निर्भर माना जा रहा है।85 वर्षीय शरद पवार का स्वास्थ्य फिलहाल चर्चा का विषय है और वे आगामी कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर स्पष्टता नहीं है। उनकी छह दशक लंबी संसदीय पारी पूरी हो चुकी है और वे सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में शामिल हैं। विधायक रोहित पवार ने कहा है कि पार्टी चाहती है कि शरद पवार राज्यसभा जाएं, लेकिन अंतिम निर्णय उनके स्वास्थ्य और इच्छा पर निर्भर करेगा।
MVA का संख्या बल और संभावित समीकरण
संख्या बल की दृष्टि से राष्ट्रवादी (शरद गुट) के 10, शिवसेना (उद्धव गुट) के 20 और कांग्रेस के 16 विधायक हैं। कुल 46 विधायकों के साथ गठबंधन के पास आवश्यक 37 प्रथम वरीयता मतों से नौ अधिक वोट हैं। फिर भी आंतरिक मतभेद की स्थिति में सत्तारूढ़ दल को लाभ मिल सकता है।वर्तमान समीकरणों के अनुसार बीजेपी के चार, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी (अजित गुट) के एक-एक तथा महाविकास आघाड़ी के एक उम्मीदवार की जीत संभावित मानी जा रही है।
Read More : Prince Andrew Controversy: प्रिंस एंड्रयू का नया विवाद, जनता के पैसे से कराई मसाज, एपस्टीन फाइल्स से खुलासा









