Maharashtra Elections: दिग्गजों ने किया मतदान, जानें बीएमसी समेत 29 नगर निगमों का हाल

महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के लिए आज मतदान हो रहा है। मोहन भागवत, सचिन तेंदुलकर और पीयूष गोयल जैसी दिग्गज हस्तियों ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य की 2,869 सीटों के लिए जारी इस चुनावी महाकुंभ में जनता का उत्साह चरम पर है। जानें मतदान की ताज़ा स्थिति और बड़े नेताओं की प्रतिक्रिया।

Maharashtra Elections

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 15, 2026

Maharashtra Elections: महाराष्ट्र में आज लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित राज्य की कुल 29 नगर निगमों के लिए सुबह 7:30 बजे से मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। कड़ाके की ठंड और सुबह के वक्त के बावजूद, मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भारी संख्या में पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। इस चुनावी रण में 2,869 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें अकेले बीएमसी की 227 सीटें शामिल हैं। शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस मतदान में आम जनता के साथ-साथ कई वीआईपी हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

BMC Election: मनीष सिसोदिया की मतदाताओं से गुहार, ‘सिर्फ पार्षद नहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य को चुनें’

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में डाला वोट

बताते चले कि, नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सुबह-सुबह अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने प्रजातांत्रिक व्यवस्था में चुनाव की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक अनिवार्य उत्तरदायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनहित और संतुलित विचार के आधार पर योग्य उम्मीदवार का चयन करें। कर्तव्य बोध का परिचय देते हुए उन्होंने स्वयं सबसे पहले मतदान करने को प्राथमिकता दी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में की वोटिंग

आपको बता दे कि, देश के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के एक पोलिंग बूथ पर सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर मतदाताओं के उत्साह की सराहना की। गोयल ने एक 80 वर्षीय वृद्ध दंपत्ति का उदाहरण देते हुए उन्हें मुंबईवासियों के लिए ‘रोल मॉडल’ बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक अपने शारीरिक कष्टों के बावजूद वोट डालने पहुंच रहे हैं, वह समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। यह जागरूकता दर्शाती है कि जनता अपनी नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग है।

मुरलीधर मोहोल ने पुणे में मताधिकार का किया उपयोग

पुणे के वार्ड नंबर 31 में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अपने परिवार के साथ पहुंचकर मताधिकार का उपयोग किया। इस अवसर पर उन्होंने राजनीतिक आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा कि जनता केंद्र सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं से प्रभावित है। मोहोल ने दावा किया कि पुणे नगर निगम में भाजपा की जीत सुनिश्चित है और शहर का अगला मेयर उनकी पार्टी से ही होगा। उन्होंने शहर के विकास के लिए लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

सचिन तेंदुलकर और प्रकाश जावड़ेकर ने नागरिकों से की अपील

खेल जगत की दिग्गज हस्ती सचिन तेंदुलकर ने भी मुंबई में अपना वोट डाला। तेंदुलकर ने कहा कि मतदान वह जरिया है जिससे आम आदमी अपनी राय व्यक्त कर सकता है, इसलिए हर व्यक्ति को पोलिंग बूथ तक जरूर आना चाहिए। उनके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर, शिवसेना नेता शाइना एनसी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सपरिवार वोट डाला। नेताओं ने इसे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई के पहाड़ी स्कूल स्थित केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने अपनी पुरानी आदत का जिक्र करते हुए कहा कि वे हमेशा सबसे पहले वोट डालना पसंद करते हैं। एक अनुभवी नेता के तौर पर उन्होंने पोलिंग स्टाफ और अधिकारियों से बातचीत की ताकि मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और किसी भी संभावित समस्या को समझा जा सके। शाम तक चलने वाले इस मतदान के बाद प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा।

BMC Polls: मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए उमड़ा बॉलीवुड, गुलजार और अक्षय कुमार के मतदान ने खींचा सबका ध्यान