Devendra Fadnavis Meets PM Modi In Delhi: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की पीएम मोदी से मुलाकात, महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव पर हलचल तेज

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर महायुति में सीटों का अंतिम फॉर्मूला तय हो गया है। कुल 17 सीटों में से बीजेपी सबसे ज्यादा 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 4 और सुनेत्रा पवार की एनसीपी को 2 सीटें मिली हैं। इस फैसले के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की।

Devendra Fadnavis Meets PM Modi In Delhi

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 28, 2026

Devendra Fadnavis Meets PM Modi In Delhi: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव (MLC Election 2026) को लेकर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर जारी भारी खींचतान और शह-मात के खेल के बीच सूबे की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को अचानक नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बेहद महत्वपूर्ण मुलाकात की। इससे पहले सूबे के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बंद कमरे में चर्चा की थी। शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई इन बैक-टू-बैक बैठकों के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हलचल चरम पर पहुंच गई है और कयासों का बाजार गर्म हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

बताते चले कि, महायुति में टिकट बंटवारे को लेकर मचे घमासान के बीच देश की राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक हालात और विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा की। पीएम मोदी से मार्गदर्शन लेने के बाद सीएम फडणवीस ने बताया कि इस उच्च स्तरीय बैठक में महाराष्ट्र के बुनियादी ढांचे के विकास, पेंडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की प्रगति और किसानों से जुड़े अहम मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत हुई है।

किसानों और कोऑपरेटिव सेक्टर पर चर्चा

आधिकारिक तौर पर भले ही इस बैठक को विकास कार्यों से जुड़ा बताया जा रहा हो, लेकिन सूत्रों के मुताबिक दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों की समस्याओं और सहकारी चीनी उद्योग (Cooperative Sugar Industry) को लेकर भी केंद्रीय मंत्रियों से गंभीर बातचीत की है। आगामी चुनावों को देखते हुए ग्रामीण और किसान वोट बैंक को साधने के लिए इन विषयों पर केंद्र की मदद मांगी गई है। इस व्यस्त राजनीतिक दौरे के बीच सीएम फडणवीस ने नई दिल्ली में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन भी किया।

शाह का नया चुनावी फॉर्मूला

महाराष्ट्र की सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर चल रही रस्साकशी के बीच गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तय किए गए नए फॉर्मूले ने महायुति के सहयोगियों को चौंका दिया है। अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि इस नए समीकरण के कारण उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को अपनी जिद छोड़कर बैकफुट पर आना पड़ा है। इस चुनावी समझौते के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर गठबंधन में सबसे बड़े और शक्तिशाली भाई की भूमिका में उभरकर सामने आई है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

महायुति का अंतिम सीट समीकरण

काफी जद्दोजहद और दिल्ली में हुए मैराथन दौरों के बाद आखिरकार महायुति के बीच सीटों का गणित पूरी तरह साफ हो गया है। तय किए गए इस फाइनल फॉर्मूले के तहत विधान परिषद की कुल 17 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी सबसे ज्यादा 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं, गठबंधन के दूसरे बड़े सहयोगी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के खाते में महज 4 सीटें गई हैं। इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को सिर्फ 2 सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा। इस फॉर्मूले के सामने आने के बाद अब सभी दलों ने अपनी चुनावी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं।