Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब उद्धव ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत के परिवार के खिलाफ उनकी बहू गिरिजा राउत ने मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। गिरिजा ने अपने ससुराल वालों पर अंधविश्वास को बढ़ावा देने, प्रताड़ित करने और जबरन गौमूत्र पिलाने जैसे कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। बहु की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।
Twisha Sharma Death Case: बेल्ट और चोट के निशान में समानता, ट्विशा मौत केस में बड़ा अपडेट
अंधविश्वास और तांत्रिक क्रियाओं का आरोप, जबरन पिलाया गौमूत्र
गिरिजा राउत ने अपनी शिकायत में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनके अनुसार, शादी के बाद उनके पति को बांझपन (Infertility) की समस्या थी। इस समस्या के समाधान के नाम पर उनके ससुराल वालों ने डॉक्टरों के पास जाने के बजाय अंधविश्वास का रास्ता चुना। गिरिजा का आरोप है कि उन्हें जबरन तांत्रिकों के पास ले जाया जाता था, जहाँ अंधविश्वास के नाम पर उनके बाल नोचे जाते थे। इतना ही नहीं, उन्हें जबरन गौमूत्र पीने के लिए भी मजबूर किया गया। गिरिजा ने बताया कि पिछले सात वर्षों से वह इस सामाजिक, मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न को चुपचाप सह रही थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के मुखिया होने के नाते उन्होंने कई बार विनायक राउत से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने कभी उनकी बात नहीं सुनी।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
गिरिजा राउत की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पूर्व सांसद विनायक राउत, उनकी पत्नी, उनके पार्षद बेटे गीतेश राउत और दो तांत्रिकों (फिरोज और काजी) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन सभी के खिलाफ अंधविश्वास विरोधी कानून और घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तांत्रिक बाबा फिरोज शेख को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के अनुसार, ससुराल वालों ने फिरोज शेख के जरिए गिरिजा पर जबरन काला जादू करवाया था। गिरफ्तारी के बाद गिरिजा और आरोपी तांत्रिक दोनों को कोर्ट में पेश किया गया है।
पूर्व सांसद विनायक राउत का पलटवार
दूसरी तरफ, पूर्व सांसद विनायक राउत ने अपनी बहू द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे उनके बेटे के तलाक के मामले से जुड़ी एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। राउत का दावा है कि गिरिजा ने गुजारा भत्ते (Alimony) के रूप में उनसे 12 करोड़ रुपये नकद, मुंबई में एक तीन कमरों का फ्लैट और एक लग्जरी कार की मांग की थी। इस जबरन वसूली में विफल रहने के बाद, उनके परिवार को बदनाम करने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है। जब राउत ने शिकायत दर्ज कराने के समय पर सवाल उठाया, तो गिरिजा ने जवाब दिया कि विनायक राउत का परिवार बेहद प्रभावशाली है, जिसके कारण पहले उनमें पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं थी।
हनीमून से लेकर विदेश यात्रा तक मारपीट और दूरी बनाने के आरोप
गिरिजा ने अपने पति गीतेश राउत पर शादी के बाद से ही शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, ऊटी में हनीमून के दौरान जब भी उन्होंने नजदीक आने की कोशिश की, उनके पति ने उन्हें दूर धकेल दिया और कहा कि वह केवल किसी अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन पर ही अंतरंग हो सकते हैं। इसके बाद साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान जब गिरिजा ने दोबारा शारीरिक संबंध बनाने की बात कही, तो उनके पति ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गिरिजा का कहना है कि उनके पैतृक गांव तलगांव में भी सबके सामने उनका अपमान किया गया। उनकी सास को इन सभी विवादों की पूरी जानकारी थी क्योंकि मुंबई वाले घर में अक्सर इस विषय पर तीखी बहस होती थी। फिलहाल पुलिस इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से जांच कर रही है।
एथनॉल परियोजना में चावल गड़बड़ी का मामला, मध्य प्रदेश के 8 राइस मिलर रडार पर










