Maduro Hell Prison: दुनिया की कुछ जेलें ऐसी हैं, जिनका नाम सुनते ही खौफ पैदा हो जाता है। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की ब्रुकलिन जेल भी उन्हीं में से एक मानी जाती है। गैंगस्टर, ड्रग तस्कर, माफिया और खतरनाक अपराधियों से भरी इस जेल को लोग “धरती पर नर्क” तक कह देते हैं। इसी बदनाम जेल में अब वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को रखा गया है, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
Maduro Hell Prison : ट्रंप प्रशासन का बड़ा फैसला
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क की इसी चर्चित ब्रुकलिन जेल में भेजने का आदेश दिया। यह फैसला इसलिए भी सुर्खियों में है, क्योंकि मादुरो कोई आम कैदी नहीं, बल्कि एक देश के मौजूदा राष्ट्रपति हैं। अमेरिका के इस कदम को कई लोग सख्त राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देख रहे हैं।
Maduro Hell Prison: मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर का इतिहास
‘मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर, ब्रुकलिन’ की स्थापना 1990 के दशक की शुरुआत में हुई थी। वर्तमान में इस जेल में करीब 1,300 कैदी बंद हैं, जिनमें से अधिकांश पर गंभीर और खतरनाक अपराधों के आरोप हैं। वर्षों से यह जेल अपनी खराब व्यवस्था, हिंसा और अव्यवस्था के कारण आलोचनाओं के घेरे में रही है।
हिंसा और अव्यवस्था के आरोप
कई अमेरिकी वकील और मानवाधिकार संगठन पहले भी इस जेल को लेकर आपत्ति जता चुके हैं। कैदियों और उनके वकीलों का कहना है कि यहां हिंसा आम बात है। गैंग वॉर, आपसी झड़पें और कैदियों के बीच टकराव अक्सर होते रहते हैं। साल 2024 में दो कैदियों की साथी कैदियों द्वारा हत्या की घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
रिश्वत और बुनियादी सुविधाओं की कमी
ब्रुकलिन जेल पर यह आरोप भी लगते रहे हैं कि जेल गार्ड्स की मिलीभगत से प्रतिबंधित सामान की तस्करी होती है। इसके अलावा, यहां की बुनियादी सुविधाएं भी लंबे समय तक बदहाल रही हैं। साल 2019 में एक हफ्ते तक बिजली गुल रहने के कारण कैदियों को अंधेरे और ठंड में रहना पड़ा था, जिसने इस जेल की छवि को और खराब कर दिया।
फेडरल ब्यूरो का सफाई दावा
हालांकि, अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ प्रिज़न्स का कहना है कि अब हालात पहले जैसे नहीं हैं। उनके मुताबिक, जेल में सुरक्षा और मेडिकल स्टाफ बढ़ाया गया है। 700 से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। साथ ही, खाने, बिजली, पानी और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाओं में भी सुधार किया गया है। कैदियों की संख्या कम कर जेल पर दबाव घटाने की कोशिश की गई है।
पहले भी आ चुके हैं बड़े नेता
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े राजनीतिक नेता को इस जेल में रखा गया हो। इससे पहले होंडुरस के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज़ को ड्रग तस्करी के मामले में 45 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, दिसंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें माफी देकर रिहा कर दिया था।
VVIP और खतरनाक कैदियों का ठिकाना
फिलहाल ब्रुकलिन जेल में कई हाई-प्रोफाइल कैदी बंद हैं। इसमें वेनेजुएला के मादुरो के करीबी माने जाने वाले ह्यूगो कार्वाजल और कुख्यात ‘ट्रेन डे अरागुआ’ गैंग का सदस्य एंडरसन ज़ांब्रानो-पचेको भी शामिल है। अब इस सूची में राष्ट्रपति मादुरो का नाम जुड़ना इस जेल को एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में ले आया है।
Read More: उमर खालिद–शरजील की जमानत खारिज: यह न्याय नहीं, अन्याय की कहानी है, महबूबा की बेटी का बयान










