Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में शनिवार को जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। दहेज हत्या के आरोपी पति समर्थ सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके साथ ही, मृतका के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आरोपी समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी तत्काल प्रभाव से जब्त करने के आदेश जारी किए हैं ताकि वह देश छोड़कर बाहर न भाग सके।
जबलपुर में सरेंडर की कोशिश नाकाम
आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी की कहानी बेहद नाटकीय रही। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने की फिराक में था। वह सरेंडर करने के लिए कोर्ट परिसर पहुंच भी गया था, लेकिन अदालत ने उसे अनुमति नहीं दी।
इस दौरान भोपाल पुलिस की स्पेशल टीम पहले से ही जबलपुर में मुस्तैद थी। जैसे ही कोर्ट से सरेंडर की अर्जी खारिज हुई, भोपाल पुलिस ने जबलपुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी करके आरोपी समर्थ सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस कमिश्नर ने साफ चेतावनी दी है कि फरारी के दौरान समर्थ सिंह को जिन लोगों ने भी पनाह या कानूनी मदद दी थी, पूछताछ में नाम सामने आने पर उन सभी मददगारों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया से बचाकर आरोपी को पिछले गेट से कोर्ट लाई पुलिस
शनिवार को भोपाल पुलिस की कार्रवाई में आरोपी को मीडिया की नजरों से दूर रखने की कोशिश साफ दिखाई दी। पुलिस टीम आरोपी समर्थ सिंह को लेकर पहले जेपी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद दोपहर करीब पौने तीन बजे उसे भोपाल जिला अदालत लाया गया।
अदालत परिसर में मीडियाकर्मियों का भारी जमावड़ा था, जिससे बचने के लिए पुलिस टीम ने आरोपी को मुख्य रास्ते के बजाय कोर्ट के ठीक पीछे स्थित गेट नंबर-3 से अंदर एंट्री कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न, प्रताड़ना और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जरूरत है, इसीलिए अदालत से 7 दिन की रिमांड मांगी गई थी।
मौत से कुछ देर पहले का CCTV फुटेज आया सामने
इस पूरे मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत लगे हैं। मृतका त्विषा शर्मा का मौत से ठीक पहले का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। यह फुटेज त्विषा के ससुराल से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक ब्यूटी पार्लर का है, जहां वह सजने-संवरने गई थी।
वीडियो फुटेज में त्विषा पूरी तरह से सामान्य, रिलैक्स और शांत मुद्रा में दिखाई दे रही है, जिससे पहली नजर में किसी मानसिक तनाव का आभास नहीं हो रहा है। पुलिस ने इस फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है। इसके साथ ही, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित त्विषा के घर के उस कमरे और हिस्से की तस्वीरें भी फॉरेंसिक टीम ने जुटा ली हैं, जहां उसका संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ था। पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान इन सभी सबूतों और बयानों के आधार पर समर्थ सिंह से पूछताछ कर रही है।
संशोधित चयन सूची पर विवाद के बीच हाईकोर्ट का यथास्थिति बनाए रखने का आदेश










