Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने के लिए प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 सितंबर को आगरा रोड पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना में आयोजित समारोह के दौरान एलडीए की दो नई आवासीय योजनाओं—वरुण विहार और नैमिषनगर योजना—का भूमि पूजन कर शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के साथ ही दोनों योजनाओं में पहले चरण के करीब 5,000 भूखंडों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी है।
एलडीए वरुण विहार योजना में 5,000 प्लॉट का पहला चरण

बताते चले कि, लखनऊ विकास प्राधिकरण यानी एलडीए ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह स्थल पर नया हेलीपैड भी बनाया जा रहा है और एलडीए की टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी है। प्राधिकरण के मुताबिक, वरुण विहार और नैमिषनगर आवासीय योजनाएं राजधानी के भविष्य के शहरी विस्तार को ध्यान में रखकर विकसित की जाएंगी। इन योजनाओं में आधुनिक सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।
लखनऊ में प्लॉट की कीमत 2,800 से 3,800 रुपये प्रति वर्गफुट
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, दोनों योजनाओं में पहले चरण में लगभग 5,000 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। मुख्यमंत्री के भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद आम लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू किए जाने की योजना है। वरुण विहार योजना में भूखंड की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफुट रखी गई है, जबकि नैमिषनगर योजना में प्लॉट की कीमत 3,800 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है। अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
10,680 एकड़ में विकसित होंगी वरुण विहार और नैमिषनगर योजना

एलडीए के मुताबिक, वरुण विहार और नैमिषनगर योजना को कुल करीब 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर लगभग 12,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। यहां चौड़ी सड़कें, जलापूर्ति, सीवरेज सिस्टम, हरित क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाएं और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। प्राधिकरण का लक्ष्य दोनों क्षेत्रों को सुनियोजित और आधुनिक आवासीय नगर के रूप में विकसित करना है।
नैमिषनगर योजना में 30 लाख से 1.90 करोड़ रुपये तक के प्लॉट
नैमिषनगर योजना को सीतापुर रोड क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के साथ आधुनिक जीवनशैली से जोड़कर विकसित करने की योजना है। यहां योग एवं शांति जीवनशैली केंद्र, ध्यान केंद्र, आश्रम और सांस्कृतिक केंद्र प्रस्तावित हैं। इसके अलावा एक जिला एक उत्पाद केंद्र, वाणिज्यिक केंद्र, शिक्षा केंद्र, खुले व्यायाम स्थल, सामुदायिक पार्क और खरीदारी मार्ग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना में 800 से 5,000 वर्गफुट तक के प्लॉट होंगे, जिनकी कीमत करीब 30 लाख से 1.90 करोड़ रुपये तक होगी।
हाईटेक सुविधाओं से बदलेगी लखनऊ की नई तस्वीर
एलडीए का कहना है कि दोनों योजनाओं में आधुनिक और हाईटेक शहरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बेहतर यातायात व्यवस्था, चौड़ी सड़कें, आधुनिक आधारभूत ढांचा और हरित क्षेत्रों के जरिए इन इलाकों को लखनऊ के नए विस्तार के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी प्रस्तावित शिलान्यास

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में वरुण विहार योजना के भूमि पूजन के साथ कई अपार्टमेंट परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इनमें बागेश्वरी अपार्टमेंट में 824 फ्लैट, ऐशबाग स्क्वायर में 384 फ्लैट और बसंत कुंज में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास प्रस्तावित पार्क व्यू अपार्टमेंट में 364 फ्लैट शामिल हैं। इन परियोजनाओं के जरिए भी राजधानी में आवासीय विकल्प बढ़ाने की तैयारी है।










