Krishna Janmashtami: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर देश-दुनिया में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन किया गया है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी के दर्शन की व्यवस्था भी की गई है।
CM योगी करेंगे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में शिरकत
बताते चले कि, रिजर्व पुलिस लाइंस में होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री परिसर में स्थित मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह वहां आयोजित आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
लखनऊ ट्रैफिक डायवर्जन से पहले जान लें जरूरी रास्ते
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का फैसला लिया है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें।
हनुमान सेतु से IT चौराहे तक सामान्य यातायात रहेगा बंद
यातायात पुलिस के मुताबिक, हनुमान सेतु मंदिर तिराहा से रिजर्व पुलिस लाइंस और आईटी चौराहे की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रखा जाएगा। इस मार्ग के वाहनों को नदवा बंधा मोड़ से डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह आईटी चौराहा से रिजर्व पुलिस लाइंस और हनुमान सेतु मंदिर तिराहा की तरफ भी सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इस दिशा में आने वाले यातायात को डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा अथवा निशातगंज मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
निशातगंज ओवरब्रिज से IT चौराहे की ओर भी रोक
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत निशातगंज ओवरब्रिज ढाल से आईटी चौराहे की तरफ सामान्य वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। इस रूट के यातायात को आंतरिक लेखा निदेशालय और हैदरगंज चौकी के रास्ते से आगे निकाला जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने साफ किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के बावजूद चिकित्सकीय आपात स्थिति वाले वाहनों, एंबुलेंस, शव वाहनों, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी सुरक्षित निकाला जाएगा। हालांकि, यह सुविधा तभी दी जाएगी जब उनके लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न हो। पुलिस का उद्देश्य वीवीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही को भी व्यवस्थित रखना है।
जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा पर खास नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात और सुरक्षा दोनों पहलुओं पर नजर रखेंगी। आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के स्तर पर आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
परेशानी होने पर इस हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
लखनऊ यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। डायवर्जन व्यवस्था से जुड़ी जानकारी या किसी तरह की असुविधा होने पर लोग 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जन्माष्टमी के आयोजन को देखते हुए यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही इस्तेमाल करें।








