Lucknow News: एक और ‘दहेज हत्या’? सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी की मौत पर उठे सवाल

लखनऊ के सआदतगंज में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसे परिजनों ने दहेज हत्या करार दिया है। मायके वालों का आरोप है कि कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मानसी की हत्या कर शव लटका दिया। पुलिस ने पति समेत 6 लोगों पर केस दर्ज किया है।

Lucknow News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 1, 2026

Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मायके वालों ने मानसी के पति और ससुराल पक्ष पर कार की मांग को लेकर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। यह मामला हाल ही में सामने आए इसी तरह के अन्य मामलों के बीच एक और दुखद कड़ी है।

मानसी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी

बताते चले कि, कानपुर के टीपी नगर निवासी सुनील कुमार वर्मा ने अपनी भतीजी मानसी का विवाह 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत के साथ किया था। सागर राजपूत स्वयं एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है, जिसके इंस्टाग्राम पर करीब 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं। परिजनों के अनुसार, शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार 7 लाख रुपये नकद और पर्याप्त उपहार दिए गए थे, लेकिन ससुराल वाले इससे असंतुष्ट थे। मानसी भी खुद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी, लेकिन यह चमक-धमक उसके निजी जीवन के गहरे संकट को छिपाए हुए थी।

पति और ससुरालियों द्वारा प्रताड़ना का सिलसिला

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही मानसी को प्रताड़ित किया जाने लगा। पति सागर, ससुर राजेश, ननद बरखा, चांदनी, ननदोई अनु और बुआ सास आशा पर आरोप है कि वे लगातार अतिरिक्त दहेज में एक कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मानसी को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाती थी। मानसी ने कई बार अपने मायके वालों को फोन पर इस प्रताड़ना के बारे में बताया था। परिजनों ने कई बार लखनऊ आकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वालों का लालच कम नहीं हुआ।

मायके वालों का दावा

वहीं, शनिवार को परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, मायके वालों ने इसे सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है। उनका दावा है कि दहेज की मांग पूरी न होने से खफा ससुराल वालों ने पहले मानसी को मार डाला और फिर मामले को आत्महत्या का रंग देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया।

दहेज हत्या के मामले में 6 आरोपी नामजद

मामले की गंभीरता को देखते हुए सआदतगंज पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है। इंस्पेक्टर संतोष आर्या ने जानकारी दी कि मृतका के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कह रही है। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।