Lucknow Rain: दो घंटे की बारिश ने खोली पोल, सड़कें बनीं तालाब और लगा भीषण जाम

लखनऊ में मंगलवार को करीब दो घंटे की मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। फैजुल्लागंज में नाला ओवरफ्लो होने से घरों में पानी घुसा, जबकि चिनहट में करीब 8 फीट सड़क धंस गई। शहीद पथ समेत कई मार्गों पर जाम लगा और कई इलाकों में बिजली गुल रही। मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Lucknow Rain

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 1, 2026

Lucknow Rain:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी और यातायात व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी। तेज बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। निचले क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया, जबकि कुछ जगहों पर बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। जलभराव के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।

फैजुल्लागंज में बरसाती नाला ओवरफ्लो, घरों में घुसा पानी

बताते चले कि, भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर फैजुल्लागंज के अजीज नगर इलाके में देखने को मिला। यहां तेज बारिश के बाद बरसाती नाला ओवरफ्लो हो गया और गंदा पानी आसपास के घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों को पानी के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल इसी तरह की स्थिति पैदा होती है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से बरसाती नाले की नियमित सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है।

इंदिरानगर और गोमतीनगर में जलभराव से मुश्किल बढ़ी

लखनऊ के इंदिरानगर, गोमतीनगर और भूतनाथ इलाके में भी तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर करीब दो फीट तक जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ जगहों पर पानी घरों के अंदर बेडरूम तक पहुंचने की बात सामने आई। सड़कों पर पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।

शहीद पथ और कमता तिराहे पर लगा भीषण ट्रैफिक जाम

मूसलाधार बारिश के दौरान दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। आसमान में काले बादल छाए रहे और बिजली की तेज गड़गड़ाहट सुनाई देती रही। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट और डिपर का इस्तेमाल करना पड़ा। बारिश और जलभराव के कारण शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धीमी रफ्तार के चलते कई जगहों पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही।

चिनहट में 8 फीट सड़क धंसी, बढ़ा हादसे का खतरा

बारिश के बीच चिनहट के रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया। बताया जा रहा है कि यहां करीब 8 फीट गहरा गड्ढा बन गया। सड़क धंसने से आसपास से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया। लगातार बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। चिनहट समेत शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने की जानकारी सामने आई। बारिश और बिजली कटौती के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

लखनऊ में अलग-अलग इलाकों में हुई तेज बारिश

मंगलवार को शहर में अलग-अलग समय पर बारिश का दौर जारी रहा। सुबह मलिहाबाद में बारिश हुई। इसके बाद जानकीपुरम विस्तार और हजरतगंज में तेज बारिश देखने को मिली। दोपहर के समय गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज समेत कई क्षेत्रों में भी बारिश ने जोर पकड़ा। मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश का दौर 5 सितंबर तक रुक-रुककर जारी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सामान्य से ज्यादा हुई लखनऊ में बारिश

आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यानी राजधानी में बारिश सामान्य औसत से 1.6 मिलीमीटर अधिक हो चुकी है।

प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील

बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। वहीं, जलभराव और सड़क धंसने जैसी घटनाओं के बीच संबंधित विभागों के सामने शहर की जल निकासी और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य करने की चुनौती है।