Lucknow Heavy Rain: लखनऊ में बारिश का तांडव, सड़कें बनीं तालाब; 8 फीट धंसी सड़क से मचा हड़कंप

लखनऊ में मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर समेत कई इलाकों में जलभराव से लंबा जाम लग गया। चिनहट में करीब 8 फीट सड़क धंसने की घटना सामने आई, जबकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई है।

Lucknow Heavy Rain

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 1, 2026

Lucknow Heavy Rain: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली है। करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। आसमान में घने काले बादल छाए रहे और लगातार बिजली की तेज कड़कड़ाहट के बीच दिन में ही अंधेरा जैसा नजारा देखने को मिला। कई इलाकों में वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर सफर करना पड़ा।

तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे समेत कई प्रमुख इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जलभराव और धीमी ट्रैफिक व्यवस्था के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लखनऊ बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति

बताते चले कि, सुबह से ही राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा। सुबह करीब 7 बजे मलिहाबाद में बारिश शुरू हुई, जबकि करीब 10 बजे जानकीपुरम विस्तार में तेज बारिश देखने को मिली। इसके बाद करीब 11 बजे हजरतगंज में भी बारिश ने जोर पकड़ लिया।

गोमतीनगर से सरोजनीनगर तक झमाझम बारिश

गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। सरोजनीनगर में भी मूसलाधार बारिश का असर दिखाई दिया। बारिश से बचने के लिए कई लोग फ्लाईओवर और अन्य सुरक्षित स्थानों के नीचे खड़े नजर आए। लालबाग और नगर निगम मुख्यालय के आसपास भी बारिश का असर देखने को मिला।

कमता तिराहा और शहीद पथ पर लंबा जाम

भारी बारिश के बाद कमता तिराहे के पास शहीद पथ और सर्विस रोड पर पानी भर गया। जलभराव इतना बढ़ गया कि वाहन चालकों को पानी से होकर गाड़ियां निकालनी पड़ीं। पानी जमा होने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई।

पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे पर भी ट्रैफिक प्रभावित

कमता तिराहे पर ट्रैफिक धीमा पड़ते ही शहीद पथ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके अलावा पॉलीटेक्निक, बुद्धेश्वर चौराहा और शहर के कई अन्य हिस्सों में भी जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

चिनहट में बारिश के बीच 8 फीट धंसी सड़क

तेज बारिश के दौरान चिनहट इलाके में सड़क धंसने की घटना सामने आई। रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया और वहां करीब 8 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इससे आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया और आवाजाही प्रभावित हुई।

सड़क धंसने से बढ़ी लोगों की परेशानी

बारिश के बीच सड़क धंसने की घटना ने शहर की सड़कों और जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर आने-जाने वाले लोगों को सावधानी बरतनी पड़ी। ऐसी स्थिति में प्रशासन के सामने सड़क को सुरक्षित करने और यातायात सामान्य कराने की चुनौती बढ़ गई।

लखनऊ में बारिश के साथ बिजली संकट भी गहराया

मूसलाधार बारिश का असर राजधानी की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। चिनहट समेत कई इलाकों में फीडर बंद होने से घंटों बिजली गुल रहने की जानकारी सामने आई। वहीं मलिहाबाद में अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

मलिहाबाद और रहीमाबाद में भी बारिश का असर

मलिहाबाद के रहीमाबाद क्षेत्र में सुबह बारिश हुई और दोपहर में फिर बारिश का दौर शुरू हो गया। पारा और बुद्धेश्वर इलाके में भी तेज बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ी। कई कॉलोनियों में बारिश के दौरान सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला।

लखनऊ में 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट

लखनऊ में इससे पहले सोमवार शाम भी तेज बारिश हुई थी। उस दिन शहर में 31.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। मौसम विभाग की ओर से 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

अगस्त में जून-जुलाई से ज्यादा हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में अगस्त के दौरान लखनऊ में जून और जुलाई की तुलना में अधिक बारिश दर्ज की गई। 1 जून से 31 जुलाई तक 176.9 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा 330.5 मिलीमीटर से अधिक रहा।

मानसून सीजन में अब तक 507.4 मिलीमीटर बारिश

इस मानसून सीजन में लखनऊ में अब तक 507.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। सामान्य बारिश का आंकड़ा 519.3 मिलीमीटर है। यानी कुल मिलाकर बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम है। इस सीजन में एक दिन की सबसे अधिक बारिश 15 अगस्त को दर्ज हुई थी, जब 58.7 मिलीमीटर पानी बरसा था।

यूपी में मानसून की हवाएं हुईं तेज

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा का एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसूनी हवाएं तेज हुई हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ रही हैं। इसके कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर बना हुआ है।

5 सितंबर तक यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 5 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। फिलहाल लखनऊ में जलभराव, ट्रैफिक जाम, बिजली कटौती और सड़क धंसने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।