Lucknow Flood: गोमती उफान पर तो प्रशासन भी मैदान में, डीएम ने रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने के दिए निर्देश

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। डीएम विशाख जी ने नाव से फैजुल्लागंज समेत कई प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत किट, भोजन, दवाएं और पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Lucknow Flood

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 4, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

Lucknow Flood: लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। रविवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने जेहटा, माल रोड, सैथा, बरावन कला और फैजुल्लागंज समेत प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति, राहत कार्यों और नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Lucknow Flood
डीएम ने 10 नावें लगाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

राहत शिविरों का भी किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में तैनात चिकित्सकों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जरूरतमंद नागरिकों को दवाओं की किट उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि आवश्यक दवाओं की पर्याप्त किट तैयार रखी जाए और जरूरत के अनुसार उन्हें प्रभावित क्षेत्रों तक तुरंत पहुंचाया जाए।

सैथा में राहत-बचाव अभियान के लिए 10 नावों की व्यवस्था

Lucknow Flood
लखनऊ में बाढ़ का बढ़ता खतरा

ग्राम सैथा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए तत्काल 10 नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को भोजन और राहत किट उपलब्ध कराने को कहा गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं की स्थिति को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में भूसा और चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

फैजुल्लागंज में नाव से पहुंचे डीएम

निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का नाव के जरिए निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान मौके पर उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री की स्थिति का भी सत्यापन किया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचने में किसी तरह की कमी न रहे।

प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर पहुंचाई जा रही राहत सामग्री

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें सक्रिय कर दी हैं। नावों के माध्यम से घर-घर राहत किट पहुंचाने का काम लगातार किया जा रहा है। प्रभावित नागरिकों को भोजन, आवश्यक राहत सामग्री और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए

Lucknow Flood
जेहटा से फैजुल्लागंज तक डीएम का निरीक्षण

नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि रात के समय भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहनी चाहिए। इसके अलावा दाऊद नगर क्षेत्र में अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे नागरिकों की शिकायतों और जरूरतों पर तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सके तथा राहत-बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को गोमती नदी के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील इलाकों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करने को कहा गया है। स्थिति बिगड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, एसडीएम मलिहाबाद, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।