Lucknow Cold Storage Fire: लखनऊ में बड़ा अग्निकांड, कोल्ड स्टोरेज में आग के बाद 50 घर खाली

लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई।

Lucknow Cold Storage Fire

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 28, 2026

Lucknow Cold Storage Fire: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 6:30 बजे लगी यह आग इतनी विकराल है कि घटनास्थल से 4 किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। करीब 35 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में मिर्च, हल्दी और अन्य किराने का सामान रखा हुआ था, जिसने आग को और अधिक भड़काने का काम किया है।

UP Politics: राम मंदिर चंदा चोरी पर अखिलेश यादव का योगी सरकार को घेरा, लगाए गंभीर आरोप

आग बुझाने में आ रही है भारी परेशानी

आग को नियंत्रित करने के लिए दमकल विभाग की 15 गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक मशीनों को तैनात किया गया है। बचाव कार्य के दौरान फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कोल्ड स्टोरेज के अंदर भारी मात्रा में मिर्च-मसाले रखे होने के कारण उनसे निकलने वाले तीखे धुएं से दमकलकर्मी सांस भी नहीं ले पा रहे हैं। एक बार जब दमकलकर्मी अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, तो मिर्च की झार के कारण उन्हें तुरंत बाहर आना पड़ा। अब कर्मचारी टिन शेड के ऊपर से और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

दोबारा भड़की आग, दहशत में लोग

करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब ऐसा लगा कि स्थिति नियंत्रण में है, तभी आग ने दोबारा विकराल रूप ले लिया। अब आग सफेद धुएं की जगह काला धुआं उगल रही है, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई है। माना जा रहा है कि स्टोरेज के अंदर रखे बुरादे और लकड़ियों ने आग को दोबारा भड़काने में ईंधन का काम किया है। आग की लपटें तेज होने और किसी बड़े खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पास स्थित ‘दयाल रेजीडेंसी’ कॉलोनी के करीब 50 घरों को खाली करा लिया है। लोगों को पुलिस द्वारा सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है और फिलहाल उन्हें वापस न जाने के निर्देश दिए गए हैं।

धमाकों की आवाज से सहमे लोग

आसपास के स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग के बीच से लगातार किसी चीज के बार-बार फूटने और धमाके जैसी आवाजें आ रही हैं। कोल्ड स्टोरेज के अंदर रखे सामान के फटने की इन आवाजों ने क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी है। स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मौके पर दमकल विभाग, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और स्थानीय पुलिस लगातार तैनात है। हवा का रुख बार-बार बदलने से दमकलकर्मी कई बार धुएं के बीच फंस गए, फिर भी वे अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। यह घटना औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के कड़े इंतजामों की आवश्यकता को एक बार फिर से रेखांकित करती है।

Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, अगले 10 घंटे रहें सावधान