Lucknow News: BBD यूनिवर्सिटी में आधी रात भारी हंगामा! मेस की रोटी और नॉनवेज के चक्कर में पुलिस बुलाई

उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय (BBD) के हॉस्टल में बाहर से नॉनवेज भोजन मंगाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि हॉस्टल इंचार्ज शुभम ने एक छात्र की बर्बरता से पिटाई कर दी, जिसके बाद सैकड़ों छात्रों ने रात भर कैंपस में उग्र प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की।

Lucknow News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 17, 2026

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ चिनहट इलाके में स्थित बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय (BBD Uinversity) के हॉस्टल में बीती रात जबरदस्त हंगामा हुआ। दरअसल, एक छात्र द्वारा बाहर से नॉनवेज (मांसाहारी भोजन) मंगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते एक बड़े बवाल का रूप ले लिया। पीड़ित छात्र का आरोप है कि इस बात की जानकारी मिलते ही हॉस्टल इंचार्ज ने आपा खो दिया और उसके साथ बर्बरता से मारपीट की। इस घटना के बाद हॉस्टल के सैकड़ों छात्र आक्रोशित हो गए और उन्होंने कैंपस में ही मोर्चा खोल दिया।

हॉस्टल में छात्रों का उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी

बताते चले कि, जैसे ही छात्र की पिटाई की खबर हॉस्टल परिसर में फैली, वैसे ही छात्रावास के छात्र एकजुट होने लगे। साथी छात्र के समर्थन में आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर नारेबाजी की। छात्रों का गुस्सा इस कदर फूट पड़ा कि वे रात के अंधेरे में ही कैंपस के मैदान में धरने पर बैठ गए। आक्रोशित छात्रों का कहना है कि मेस और हॉस्टल प्रबंधन का यह तानाशाही रवैया कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वे आरोपी हॉस्टल इंचार्ज के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

खाने के विवाद पर शुरू हुआ पूरा घटनाक्रम

पूरे मामले की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आपबीती बताते हुए कहा कि एक छात्र ने रात के खाने के लिए बाहर से ऑनलाइन नॉनवेज ऑर्डर किया था। चूंकि उसके पास रोटियां नहीं थी, इसलिए उसने हॉस्टल की मेस से कुछ रोटियां पैक करवा लीं। इसी दौरान हॉस्टल इंचार्ज शुभम को इस बात की भनक लग गई कि छात्र मेस की रोटी के साथ बाहर का मांसाहारी खाना खाने की तैयारी में है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।

हॉस्टल इंचार्ज शुभम पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप

पीड़ित छात्र और उसके दोस्तों का सीधा आरोप है कि हॉस्टल इंचार्ज शुभम ने नियमों का हवाला देते हुए पहले तो बदसलूकी की और फिर छात्र पर हाथ उठा दिया। छात्रों का कहना है कि खाना बाहर से मंगाने पर टोकना एक बात है, लेकिन किसी छात्र के साथ मारपीट करना पूरी तरह से गैरकानूनी है। हॉस्टल इंचार्ज के इस हिंसक व्यवहार ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते यह व्यक्तिगत विवाद पूरी यूनिवर्सिटी के छात्रों के आत्मसम्मान की लड़ाई बन गया, जिसके बाद आधी रात को पूरा कैंपस नारों से गूंज उठा।

पुलिस की एंट्री और यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा मामले की जांच का आश्वासन

कैंपस में बढ़ते तनाव और भारी बवाल को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी छात्रों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित छात्र झुकने को तैयार नहीं थे। स्थिति को बेकाबू होता देख आखिरकार बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी के उच्च अधिकारी आधी रात को खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज छात्रों के बीच जाकर उनसे बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से दोषी हॉस्टल इंचार्ज पर उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही छात्र शांत हुए और सुबह मामला पूरी तरह शांत हो सका।