Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज में भीषण अग्निकांड, CM योगी ने लिया संज्ञान, दिए जांच के निर्देश

लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक दुकान और कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। इमारत से धुआं उठते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बचाव कार्य के दौरान एक युवक ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को घायलों के उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Lucknow Fire

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 22, 2026

Lucknow Fire: सोमवार, 22 जून को लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनिया इलाके में एक व्यावसायिक परिसर में भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत नीचे स्थित एक दुकान से हुई, लेकिन चूंकि उसी इमारत की ऊपरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, इसलिए स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। धुएं के गुबार और आग की ऊंची लपटों ने आसपास के निवासियों में दहशत पैदा कर दी।

दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बचाव कार्य जारी

बताते चले कि, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्रशासन की टीम भवन में फंसे अन्य संभावित लोगों की तलाश और राहत कार्य में जुटी है।

जान बचाने के लिए इमारत से कूदा युवक

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया कि जैसे ही उन्होंने इमारत से धुआं निकलते देखा, वे तुरंत मदद के लिए दौड़े। उनके अनुसार, घटनास्थल पर कंप्यूटर कोचिंग और एक लाइब्रेरी संचालित है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 5-6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, खौफनाक मंजर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जान बचाने की जद्दोजहद में एक युवक ऊपरी मंजिल से नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका बनी हुई है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

लखनऊ में हुई इस अग्निकांड की घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने घायलों को समुचित और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए और प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाई जाए। फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस विभाग स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।