LPG News: LPG सिलेंडर की सप्लाई को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे वायरल हो रहे हैं। कई पोस्ट में कहा जा रहा है कि 30 जून के बाद लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा या उनका LPG कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। इन दावों के कारण आम उपभोक्ताओं में भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई है। हालांकि, यह दावा सही नहीं है। जिन उपभोक्ताओं के घर में अभी PNG कनेक्शन नहीं है और न ही उन्होंने PNG के लिए आवेदन किया है, उनके LPG कनेक्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
सरकार की ओर से LPG और PNG कनेक्शन से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किए गए हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सभी उपभोक्ताओं की गैस सप्लाई बंद हो जाएगी। नए नियम खास तौर पर उन लोगों के लिए हैं, जिनके घरों में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध हो चुका है या वे LPG से PNG में शिफ्ट हो रहे हैं।
एक दिन पहले घर से लापता हुए थे दोनों, अशोकनगर में कार से मिले युवक-युवती के शव
सरकार क्यों ला रही है नई व्यवस्था?
भारत सरकार LPG की निर्भरता कम करने, गैस सप्लाई में रुकावट की स्थिति से निपटने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सुधारात्मक कदम उठा रही है। खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए सरकार चाहती है कि जिन इलाकों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ता धीरे-धीरे पाइपलाइन गैस की ओर शिफ्ट हों।
इसके साथ ही तेल विपणन कंपनियां भी ‘एक घर, एक गैस कनेक्शन’ की नीति पर काम कर रही हैं। इसका उद्देश्य एक ही घर में एक से ज्यादा गैस कनेक्शन रखने की प्रवृत्ति को रोकना और गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है।
30 दिन का नियम किन लोगों पर लागू होगा?
सरकार के नए नियम के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने PNG कनेक्शन ले लिया है या जिनके घर में PNG सप्लाई शुरू हो चुकी है, उन्हें अपना पुराना LPG कनेक्शन बंद कराने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा। यानी PNG कनेक्शन चालू होने के बाद ग्राहक को 30 दिनों के भीतर LPG सिलेंडर कनेक्शन सरेंडर करना होगा।
25 मई 2026 को जारी LPG संशोधन आदेश के तहत यह व्यवस्था Indane, HP Gas और Bharat Gas जैसी सभी प्रमुख LPG कंपनियों पर लागू होगी। उदाहरण के तौर पर अगर किसी उपभोक्ता ने 23 जून को PNG कनेक्शन शुरू करवाया है, तो उसे 23 जुलाई तक LPG कनेक्शन बंद कराना होगा। निर्धारित समय में ऐसा नहीं करने पर उसका LPG अकाउंट ब्लॉक किया जा सकता है।
90 दिन की समय सीमा क्या है?
90 दिन की समय सीमा उन परिवारों के लिए है, जिनके इलाके में PNG पाइपलाइन बिछ चुकी है और गैस आपूर्ति की पूरी व्यवस्था तैयार है, लेकिन वे अब भी LPG सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को LPG से PNG में शिफ्ट होने के लिए तीन महीने का समय दिया गया है।
खाद संकट या पर्याप्त भंडार? पंजाब में यूरिया और DAP की उपलब्धता पर छिड़ा राजनीतिक घमासान
किसे घबराने की जरूरत नहीं?
अगर आपके घर में PNG सप्लाई नहीं है, आपके इलाके में PNG सुविधा उपलब्ध नहीं है या आपने PNG कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया है, तो 30 दिन या 90 दिन वाला नियम आप पर लागू नहीं होगा। ऐसे में आपका LPG कनेक्शन बंद नहीं होगा और सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह जारी रहेगी।










