LPG Price Hike: कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ीं, जानिए घरेलू गैस के ताजा दाम

LPG Price Hike Alert: क्या बदल गए आपके घर की रसोई गैस के दाम? कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आई भारी तेजी के बाद आम जनता की धड़कनें बढ़ीं! जानिए दिल्ली, मुंबई और अपने शहर में 14.2 किलो और 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर का आज का सबसे ताजा और चौंकाने वाला रेट।

LPG Price Hike

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जून 1, 2026

LPG Price Hike:  देश में आम जनता और व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है. जून महीने की पहली तारीख से ही तेल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 42 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं. वहीं, कोलकाता में इस बढ़ोतरी का असर और भी ज्यादा देखने को मिला है, जहां कीमतों में 53.50 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है.

महानगरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई दरें

ताजा अपडेट के अनुसार, इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है, जो पहले 3,071.50 रुपये थी. वहीं कोलकाता में, जहां पहले यह सिलेंडर 3,202 रुपये में मिल रहा था, अब इसके लिए ग्राहकों को 3,255.50 रुपये चुकाने होंगे. चूंकि होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में मुख्य रूप से इसी कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होता है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में बाहर खाना-पीना और रेस्टोरेंट का मेन्यू भी महंगा हो सकता है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा.

प्रवासी मजदूरों और छात्रों पर असर: ‘छोटू’ सिलेंडर भी हुआ महंगा

महंगाई की यह मार केवल बड़े व्यापारियों या रेस्टोरेंट मालिकों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर आम कामकाजी युवाओं और छात्रों पर भी पड़ा है. घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों, दूसरे राज्यों से आए प्रवासी मजदूरों और अकेले रहने वाले नौकरीपेशा लोगों के बीच लोकप्रिय 5 किलोग्राम वाला ‘छोटू’ गैस सिलेंडर भी आज यानी 1 जून से महंगा हो गया है.

5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत

तेल कंपनियों ने 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपये की बढ़ोतरी की है. इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में अब छोटू गैस सिलेंडर की कीमत 810.50 रुपये से बढ़कर 821.50 रुपये पर पहुंच गई है. हालांकि, इस बीच राहत की बात यह है कि 14 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. 1 जून की सुबह तक के अपडेट के अनुसार, घरों में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही स्थिर बनी हुई हैं.

वैश्विक तनाव का असर: जनवरी से अब तक कीमतों में रिकॉर्ड उछाल

अगर चालू वर्ष के आंकड़ों पर नजर डालें, तो दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में इस साल जनवरी से लेकर अब तक अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है. जनवरी में जो कमर्शियल सिलेंडर 1,691.50 रुपये का था, वह कई चरणों में बढ़ते हुए अब 3,113.50 रुपये का हो चुका है. इस भारी उछाल के पीछे मुख्य वजह वैश्विक स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक तनाव को माना जा रहा है. ईरान युद्ध के बाद खाड़ी देशों और मध्य पूर्व (Middle East) में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल और गैस की सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स में बड़ी रुकावटें आई हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें आसमान छू रही हैं.

महीने दर महीने इस तरह बढ़े कमर्शियल सिलेंडर के दाम

  • जनवरी: 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की शुरुआती कीमत 1,691.50 रुपये थी.

  • फरवरी: कीमतों में 49 रुपये की वृद्धि हुई, जिससे दाम बढ़कर 1,740.50 रुपये हो गए.

  • मार्च: एक बार फिर 115 रुपये का तगड़ा उछाल आया और कीमत 1,883 रुपये तक जा पहुंची.

  • अप्रैल: 1 अप्रैल को कीमतें 195.50 रुपये बढ़ा दी गईं, जिससे नया रेट 2,078.50 रुपये हो गया.

  • मई: इस महीने सबसे भारी बढ़ोतरी देखी गई, जब दाम सीधे 993 रुपये बढ़ाकर 3,071 रुपये कर दिए गए.

  • जून: ताजा संशोधन के तहत 42 रुपये की और बढ़ोतरी के साथ यह अब 3,113.50 रुपये का हो गया है.

सीएनजी की बढ़ती कीमतें: चौतरफा महंगाई से जनता बेहाल

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से ठीक दो दिन पहले ही दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्रों (NCR) में वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी (CNG) की कीमतों में भी इजाफा किया गया था. देश की सबसे बड़ी सिटी गैस वितरण कंपनी, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सीएनजी के दामों में प्रति किलोग्राम 2 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये से बढ़कर अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. सीएनजी के दाम बढ़ने के तुरंत बाद अब एलपीजी सिलेंडरों का महंगा होना आम जनता के मासिक बजट को पूरी तरह से बिगाड़ने वाला साबित हो रहा है.

Read More:  विराट कोहली के अर्धशतक के दम पर RCB ने लगातार दूसरी बार जीता IPL खिताब