LPG Cylinder Price: 22 मई को घरेलू गैस स्थिर, जानें दिल्ली से बेंगलुरु तक रेट

22 मई को घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे आम ग्राहकों को राहत मिली है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों में घरेलू गैस स्थिर है, लेकिन कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हुआ है। वैश्विक तनाव आगे कीमतों पर असर डाल सकता है।

22 मई को घरेलू गैस स्थिर

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

मई 22, 2026

LPG Cylinder Price: आज शुक्रवार, 22 मई को देशभर में LPG सिलेंडर की कीमतों को लेकर आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता समेत कई बड़े शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर पुराने रेट पर ही मिल रहा है।

महंगाई के दबाव के बीच घरेलू गैस की कीमतों का स्थिर रहना आम परिवारों के लिए राहत माना जा रहा है। हालांकि, दूसरी ओर 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिसका असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है।

Dhar Bhojshala : भोजशाला में 721 साल बाद नहीं होगी जुमे की नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में LPG के ताजा रेट

  • तेल कंपनियों की ओर से जारी ताजा दरों के अनुसार, नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये पर स्थिर है। वहीं 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर का भाव बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गया है।
  • मुंबई में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 912.50 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,024 रुपये में मिल रहा है। बेंगलुरु में घरेलू गैस सिलेंडर का दाम 915.50 रुपये है और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 3,152 रुपये दर्ज की गई है।
  • चेन्नई में घरेलू LPG सिलेंडर 928.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर का भाव 3,237 रुपये है। कोलकाता में घरेलू सिलेंडर की कीमत 939 रुपये और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 3,202 रुपये है।

अन्य शहरों में घरेलू और कमर्शियल LPG कीमतें

  • गुड़गांव में घरेलू LPG सिलेंडर 921.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,088 रुपये का है। नोएडा में घरेलू गैस सिलेंडर 910.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,071.50 रुपये में मिल रहा है।
  • जयपुर में घरेलू LPG सिलेंडर का भाव 916.50 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,099 रुपये पर पहुंच गया है। लखनऊ में घरेलू सिलेंडर 950.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,194 रुपये में उपलब्ध है। पटना में घरेलू LPG की कीमत 1,002.50 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3,346.50 रुपये का हो गया है।
  • हैदराबाद में घरेलू LPG सिलेंडर 965 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,315 रुपये पर है। चंडीगढ़ में घरेलू सिलेंडर 862.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,092.50 रुपये में मिल रहा है।

घरेलू LPG कीमतें क्यों नहीं बढ़ीं?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और LPG की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। इसके बावजूद तेल कंपनियों ने फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां कुछ लागत का बोझ खुद उठा रही हैं, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं पर तुरंत असर न पड़े।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर फ्रेट चार्ज बढ़ने और सप्लाई से जुड़े दबाव के कारण कंपनियों की लागत बढ़ी है। इसके बावजूद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को स्थिर रखा गया है।

Bengal ED Raid: पश्चिम बंगाल में ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, पूर्व DCP शांतनु सिन्हा का घर भी घेरा

वैश्विक तनाव से बढ़ सकती है चिंता

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ी सप्लाई चिंताओं ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को अस्थिर कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG और कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में घरेलू LPG रेट पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल घरेलू ग्राहकों को राहत है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की महंगाई कारोबारियों के लिए चिंता बढ़ा सकती है।