LPG Crisis in India: दिल्ली में नहीं है LPG की कमी, सरकार ने गैस और पेट्रोल की किल्लत को नकारा

दिल्ली सरकार ने राजधानी में ईंधन की किल्लत की खबरों को अफवाह करार देते हुए स्पष्ट किया है कि पेट्रोल, डीजल, LPG और PNG की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

LPG Crisis in India

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मार्च 12, 2026

LPG Crisis in India: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी की संभावित कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही अफवाहों के बीच दिल्ली सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार के अनुसार इन ईंधनों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

सरकार ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर या ईंधन का भंडारण न करें। अधिकारियों ने कहा कि सप्लाई सिस्टम पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रहा है और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।

Taranjit Singh Sandhu बने Delhi के नए उपराज्यपाल, HC के मुख्य न्यायाधीश ने CM की मौजूदगी में दिलाई शपथ

स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक

LPG Crisis in India
दिल्ली में नहीं है LPG की कमी

हालात की समीक्षा करने के लिए बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों पर चर्चा की गई और वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल दिल्ली में गैस या ईंधन की सप्लाई पर किसी तरह का असर नहीं पड़ा है और वितरण प्रणाली पहले की तरह सामान्य रूप से चल रही है।

केंद्र सरकार के निर्देशों की जानकारी

बैठक के दौरान इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च को एक आदेश जारी किया था। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू पीएनजी और सीएनजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इन दिशा-निर्देशों के तहत घरेलू उपयोग के लिए गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

घरेलू पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता

अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है। प्राथमिकताओं के पुनः निर्धारण के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 80 प्रतिशत तक गैस आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। इससे उद्योगों के संचालन पर भी बड़ा असर नहीं पड़ा है।

पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार

तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि राजधानी में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। इन ईंधनों की सप्लाई पहले की तरह लगातार जारी है और वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।

गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ाई गई

अधिकारियों ने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। हालांकि बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी पहले की तरह दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाई जा रही है।

व्यावसायिक सिलेंडरों के लिए प्राथमिकता

व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर भी कुछ दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। इनके तहत शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है। तेल कंपनियां यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं कि व्यावसायिक गैस की सप्लाई भी बिना किसी रुकावट के जारी रहे।

कालाबाजारी रोकने के निर्देश

सरकार ने गैस की चोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सरकार ने एक बार फिर दोहराया है कि दिल्ली में गैस और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आम जनता से अपील की गई है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और शांतिपूर्वक अपनी सामान्य दिनचर्या जारी रखें।

Delhi Airport Advisory: मिडल ईस्ट में युद्ध के बीच दिल्ली एयरपोर्ट की चेतावनी, उड़ानें हो सकती हैं लेट!