LPG Crisis: चाहें विदेशों में हो रही जंग हो या फिर सरकार द्वारा लाया गया कोई नया नियम, पिसता हमेशा आम इंसान ही है। आज देश के कई हिस्सों में LPG गैस सिलेंडर की कमी लोगों के लिए गंभीर परेशानी बनती जा रही है। गैस की सीमति सप्लाई की वजह से आम लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इसी बीच पंजाब के बरनाला जिसे एक बेहद ही दुखद घटना सामने आई है, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े बुजुर्ग की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
दो घंटे इंतजार के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बरनाला जिले के शैहना गांव के रहने वाले 66 साल भूषण कुमार मित्तल शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर लेने के लिए स्थानीय गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह करीब 8 बजे सिलेंडर लेने पहुंचे थे और उनका नंबर लाइन में लगभग 25वां था। गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहले से मौजूद थे, जिसके कारण उन्हें लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था। करीब दो घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे लाइन में ही बैठे हुए थे तभी उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ और कुछ ही क्षणों में वे बेहोश हो गए। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे और उन्हें घर ले गए।
परिवार में शोक, पोस्टमार्टम की तैयारी
इस घटना के बाद परिवार और गांव में गहरा शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि भूषण कुमार मित्तल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि परिवार की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। वहीं घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भी चिंता और आक्रोश देखने को मिला।
नेताओं ने जताया दुख, मुआवजे की मांग

इस दुखद घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह धालीवाल ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को कई-कई घंटे लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धालीवाल ने यह भी कहा कि भूषण कुमार जैसे मेहनतकश व्यक्ति की इस तरह मौत होना बेहद दुखद है। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार से मांग की कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ सहारा मिल सके।
गैस की कमी से बढ़ रही परेशानियां
दरअसल भारत अपनी घरेलू रसोई गैस की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है। इसका एक बड़ा हिस्सा मध्य-पूर्व के देशों से आता है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सप्लाई में बाधाओं के कारण कई इलाकों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने LPG को आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत लाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाना है, ताकि आम लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।










