Lawrence Bishnoi Gang: बॉलीवुड पर गैंगस्टर का आतंक, लॉरेंस बिश्नोई ने 5 सितारों को दी धमकी

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी देकर रंगदारी मांगी है। रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग का उद्देश्य फिल्म इंडस्ट्री में खौफ और दबदबा कायम करना बताया जा रहा है।

Lawrence Bishnoi Gang

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 5, 2026

Lawrence Bishnoi Gang: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी और फरार अपराधी शुभम लोनकर एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच बड़ी हस्तियों को निशाने पर लिया है। इन सितारों को रंगदारी वसूली के लिए धमकी भरे कॉल किए गए हैं। हालांकि, डर और खौफ के कारण अभी तक किसी भी सेलिब्रिटी ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

Border 2 BO Day 13: बॉर्डर 2 ने दिखाई ताकत, बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की फिल्म को पछाड़ा

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग

पिछले रविवार को फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के बंगले पर हुई फायरिंग ने पूरे फिल्म जगत को हिला दिया। इस घटना की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि कई हस्तियां धमकी मिलने के बावजूद पुलिस के पास जाने से कतरा रही हैं। पुलिस का मानना है कि रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग का मुख्य उद्देश्य पूरी फिल्म इंडस्ट्री में खौफ पैदा करना था।

पुलिस की मुश्किलें

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कई लोगों को धमकी भरे कॉल आए हैं, लेकिन कोई भी बयान दर्ज कराने या शिकायत करने सामने नहीं आ रहा है। ऐसे हालात में पुलिस के लिए स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेकर कार्रवाई करना बेहद कठिन हो जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पीड़ित सामने आकर तथ्यों को साझा नहीं करेंगे, तो जांच की दिशा प्रभावित होगी।

शुभम लोनकर की सोशल मीडिया पोस्ट

शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर रोहित शेट्टी को सीधे चेतावनी दी थी। उसने लिखा, “राम-राम, जय बजरंगबली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज कर हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन वह नहीं समझे। यह तो सिर्फ ‘ट्रेलर’ था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी। यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी है, वक्त रहते सुधर जाओ।” हालांकि, रोहित शेट्टी ने किसी भी तरह के धमकी भरे कॉल मिलने से इनकार किया है।

जांच की वर्तमान स्थिति

पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। कई टीमें देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजी गई हैं ताकि शूटरों को पकड़ा जा सके। अधिकारियों का मानना है कि शूटर की गिरफ्तारी से यह साफ हो जाएगा कि हमला किसके इशारे पर हुआ था। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी वसूली से जोड़कर देख रही है।

बिश्नोई गैंग का इतिहास

यह पहली बार नहीं है जब बिश्नोई गैंग ने फिल्म इंडस्ट्री को निशाना बनाया हो। इससे पहले सलमान खान, मुनव्वर फारुकी और बाबा सिद्दीकी को भी धमकियां दी गई थीं। इन धमकियों के पीछे अलग-अलग कारण बताए गए थे—जैसे सलमान खान के खिलाफ काले हिरण का मामला या दाऊद इब्राहिम से कथित संबंध। लेकिन मौजूदा घटनाओं में साफ तौर पर पैसा और वर्चस्व ही मुख्य मकसद नजर आ रहा है।

Black Movie: ‘ब्लैक’ की 21वीं सालगिरह, जानें फिल्म को बॉलीवुड का क्लासिक बनाने वाले फैक्ट्स