Lalu Prasad Yadav Health Update: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक नासाज हो गई है। उन्हें इलाज के लिए पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया है। खबरों के अनुसार, उन्हें चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं। हालांकि, अभी तक अस्पताल प्रशासन या डॉक्टरों की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
कई बीमारियों से जूझ रहे हैं लालू प्रसाद
बताते चले कि, लालू यादव लंबे समय से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद से वे नियमित चिकित्सकीय देखरेख में हैं। उन्हें हृदय रोग (Heart disease), प्रोस्टेट ग्रंथि में वृद्धि, यूरिक एसिड, अनियंत्रित शुगर लेवल, उच्च रक्तचाप (Blood pressure), थैलेसीमिया और आंखों से संबंधित गंभीर समस्याएं हैं। इसके अलावा, वे मस्तिष्क संबंधी रोगों के लिए भी नियमित दवाएं ले रहे हैं। उनकी जटिल शारीरिक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम हर पहलू की गहन जांच कर रही है ताकि स्वास्थ्य में गिरावट के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
हालिया मेडिकल हिस्ट्री और सिंगापुर का दौरा
लालू यादव के स्वास्थ्य को लेकर यह चिंता तब और बढ़ गई है जब दो महीने पहले ही वे अपने किडनी ट्रांसप्लांट के बाद के रूटीन चेकअप के लिए सिंगापुर गए थे। उन्हें अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिली थी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, उनके लिए हर तीन महीने पर नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है, लेकिन पिछले कुछ समय से यह प्रक्रिया बाधित रही है। इससे पहले 2025 में उनकी सफल रेटिना सर्जरी भी हुई थी। एक जुलाई को आरजेडी स्थापना दिवस कार्यक्रम में वे शामिल हुए थे, जहां उनके चलने-फिरने में कठिनाई साफ देखी गई थी। फिलहाल तेजस्वी यादव के विदेश में होने के कारण राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव उनकी देखभाल में जुटे हैं।










