Kuldeep and Vanshika Wedding:कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा की शादी की तस्वीरें वायरल, रोहित-विराट ने दिया आशीर्वाद

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से मसूरी में शादी कर ली है। इस भव्य समारोह में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज शामिल हुए। कानपुर के इस जोड़े ने 'कुलवंश' हैशटैग के साथ अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की है।

Kuldeep and Vanshika Wedding

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 15, 2026

Kuldeep and Vanshika Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने जीवन की एक नई और यादगार पारी का आगाज कर दिया है। साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के ठीक बाद, कुलदीप ने शनिवार को उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों यानी मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ विवाह बंधन में बंध गए।

क्रिकेट जगत के दिग्गजों की मौजूदगी

बताते चले कि, कुलदीप और वंशिका की इस शादी में खेल जगत के सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली विशेष रूप से नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। इनके अलावा कुलदीप के करीबी दोस्त और टीम साथी रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और युजवेंद्र चहल ने भी अपनी उपस्थिति से समारोह की रौनक बढ़ाई। भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने सोशल मीडिया पर इस शादी की भावुक तस्वीरें साझा कीं और युगल को जीवन भर के प्यार और खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।

सोशल मीडिया पर #Kulvansh हैशटैग का रहा जबरदस्त ट्रेंड

आपको बता दे कि, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इस शाही शादी की चर्चा #Kulvansh हैशटैग के साथ जोरों पर रही। दरअसल, यह नाम कुलदीप और वंशिका के नामों के पहले अक्षरों को जोड़कर बनाया गया है। प्रशंसक और मेहमान इसी हैशटैग के साथ समारोह के वीडियो और मनमोहक तस्वीरें साझा कर रहे हैं। प्रशंसकों के बीच यह नया ‘कपल गोल’ चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें पारंपरिक रीति-रिवाजों और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिला।

बचपन की दोस्ती और लखनऊ में हुई सगाई की कहानी

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले इस जोड़े का रिश्ता काफी पुराना है। दोनों ने 4 जून 2025 को लखनऊ के एक निजी कार्यक्रम में सगाई की थी। वंशिका ने अपनी स्कूली शिक्षा कानपुर से पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में वह भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में कार्यरत हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी शादी पहले नवंबर 2025 में ही होनी थी, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप की व्यस्तता के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया था।

भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताबी जीत में कुलदीप का योगदान

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। कुलदीप यादव इस विजयी टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे। हालांकि उन्हें इस टूर्नामेंट में सीमित अवसर मिले, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मैच में उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी का लोहा मनवाया। उन्होंने 3 ओवरों में मात्र 14 रन देकर 1 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, जिसने मैच के रुख को भारत के पक्ष में मोड़ने में मदद की।

चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के क्रिकेटिंग करियर

कुलदीप यादव का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। बाएं हाथ के इस चाइनामैन गेंदबाज ने अब तक 17 टेस्ट मैचों में 76 विकेट चटकाए हैं। वनडे क्रिकेट में उनका दबदबा और भी अधिक है, जहां उन्होंने 120 मैचों में 194 विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने 54 मैचों में 95 विकेट लिए हैं, जबकि आईपीएल के 98 मुकाबलों में उनके नाम 102 विकेट दर्ज हैं। मैदान पर अपनी गुगली से बल्लेबाजों को छकाने वाले कुलदीप अब अपनी निजी जिंदगी की नई पारी में कदम रख चुके हैं।