KKR vs SRH Highlights: आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रनों का पहाड़ खड़ा करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को 65 रन से हरा दिया है। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 226 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में कोलकाता की पूरी टीम 16 ओवरों में महज 161 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हैदराबाद की दो मैचों में यह पहली जीत है, वहीं केकेआर को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।
RCB गेंदबाज ने खटखटाया अदालत का दरवाजा, NOC के लिए बोर्ड से कानूनी लड़ाई
हेड और अभिषेक का तूफान, क्लासेन का शानदार अर्धशतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए मात्र 34 गेंदों में 82 रन जोड़ दिए। हेड ने 21 गेंदों में 46 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन बनाए। पांचवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती के ओवर में 25 रन बटोरकर अभिषेक ने केकेआर के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं।
हालांकि, मध्यक्रम में इशान किशन (14) और अनिकेत वर्मा (1) के सस्ते में आउट होने से पारी थोड़ी लड़खड़ाई। लेकिन इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 53 गेंदों में 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रनों की संयमित और आक्रामक पारी खेली, जबकि रेड्डी ने 24 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसकी बदौलत टीम का स्कोर 226 तक पहुंच गया।
कोलकाता की तरफ से जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी सबसे सफल रहे, उन्होंने 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
रघुवंशी के संघर्ष के बावजूद ढेर हुई कोलकाता
227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे की जोड़ी ने शुरुआती 9 गेंदों में ही 31 रन कूट डाले। एलन ने 7 गेंदों में 28 रनों की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन दूसरे ओवर में स्पिनर हर्ष दुबे ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके तुरंत बाद कप्तान रहाणे भी 8 रन बनाकर चलते बने।
शुरुआती झटकों के बाद युवा अंगकृष रघुवंशी ने अकेले दम पर लड़ाई लड़ी और 29 गेंदों में 52 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर उम्मीदें जगाए रखीं। लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला थमा नहीं। ‘फिनिशर’ रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन बनाए, पर वो टीम को जीत की दहलीज तक नहीं ले जा सके। कैमरन ग्रीन केवल 2 रन बनाकर रनआउट हो गए और पूरी टीम 161 रनों पर सिमट गई।
मैच का टर्निंग पॉइंट
नौवें ओवर में गेंदबाजी करने आए ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां रिंकू सिंह ने दो बेहतरीन कैच लपककर किशन और अभिषेक शर्मा को आउट कराया। इस बेहतरीन फील्डिंग के दम पर केकेआर ने मैच में वापसी की कोशिश जरूर की थी, लेकिन क्लासेन और रेड्डी की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने मैच को पूरी तरह से हैदराबाद की झोली में डाल दिया।










