KKR vs GT: आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाजों ने मैदान पर चौके-छक्कों की ऐसी बरसात की कि गुजरात टाइटंस (GT) के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ का टिकट पक्का करने के लिए अब 248 रनों की कठिन चुनौती को पार करना होगा। कोलकाता की इस विस्फोटक बल्लेबाजी के हीरो फिन एलेन, युवा अंगकृष रघुवंशी और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन रहे, जिन्होंने अपनी आतिशी हाफ-सेंचुरी के दम पर मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया।
अरुण जेटली स्टेडियम में हाई-वोल्टेज टक्कर: दिल्ली बनाम राजस्थान प्रीव्यू
कप्तान गिल का फैसला पड़ा भारी
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुबमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन केकेआर की बल्लेबाजों की तिकड़ी ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। हालांकि, केकेआर की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी और कप्तान अजिंक्य रहाणे 14 गेंदों में केवल 14 रन बनाकर आउट हो गए। जब टीम का स्कोर 44 रन था, तब रहाणे पवेलियन लौट चुके थे, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने गुजरात के खेमे में खलबली मचा दी।
ओपनर फिन एलेन ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और महज 35 गेंदों में 93 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। वह भले ही अपने हकदार शतक से चूक गए, लेकिन अपनी इस पारी में उन्होंने 10 गगनचुंबी छक्के और 4 चौके जड़े। उनका साथ निभा रहे युवा बल्लेबाज और विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। रघुवंशी ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 82 रनों की बेमिसाल पारी खेली। इसके बाद रही-सही कसर कैमरन ग्रीन ने पूरी कर दी, जिन्होंने अंत में आकर सिर्फ 28 गेंदों में 4 छक्के और 3 चौके ठोकते हुए नाबाद 52 रन बनाए।
प्लेऑफ की रेस
यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए आईपीएल 2026 के सीजन में बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। अंक तालिका के समीकरण के लिहाज से शुबमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस अगर इस 248 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल कर लेती है, तो वह 18 अंकों के साथ आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने वाली टीम बन जाएगी।
दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है। यदि केकेआर इस मैच में अपने इस बड़े स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहती है और हार जाती है, तो वह प्लेऑफ की रेस से आधिकारिक रूप से बाहर हो जाएगी। ऐसे में केकेआर के गेंदबाजों पर इस विशाल स्कोर को डिफेंड करने का भारी दबाव होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन (Playing XI)
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज।










