Mustafizur Rahman Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के आगाज से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) विवादों के घेरे में आ गई है। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारी भरकम कीमत पर खरीदने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीति के गलियारों तक घमासान मचा हुआ है। टीम के मालिक शाहरुख खान पर तीखे हमले किए जा रहे हैं और बांग्लादेशी क्रिकेटरों के बहिष्कार की मांग जोर पकड़ रही है।
9.20 करोड़ की भारी-भरकम बोली
बताते चले कि, IPL 2026 के मेगा ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी रहे जिन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने खरीदा। उन्हें टीम में शामिल करने के लिए केकेआर और अन्य टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखी गई, जिसका नतीजा यह रहा कि मुस्तफिजुर की नीलामी कीमत 9.20 करोड़ रुपये तक जा पहुंची। शुरुआत में यह एक सामान्य खेल प्रक्रिया लगी थी, लेकिन बांग्लादेश में हालिया सांप्रदायिक घटनाओं के बाद इस महंगे सौदे पर सवाल उठने लगे हैं।
बांग्लादेश में हिंदू युवकों की हत्या और जन आक्रोश
आपको बता दे कि, इस विवाद की मुख्य जड़ बांग्लादेश में हुई हिंसा है। हाल ही में पड़ोसी देश में दो हिंदू युवकों की बर्बरतापूर्ण मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस घटना ने भारतीय प्रशंसकों और नागरिकों के बीच भारी रोष पैदा कर दिया। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि जहाँ हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, वहां के खिलाड़ियों को भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में करोड़ों रुपये देकर क्यों खिलाया जा रहा है?
शाहरुख खान निशाने पर
विवाद तब और गहरा गया जब राजनीति और धर्मगुरुओं ने इस मुद्दे पर टीम के मालिक शाहरुख खान को निशाने पर लिया। प्रसिद्ध भागवताचार्य देवकीनंदन ठाकुर ने शाहरुख खान को ‘हिंदू विरोधी’ करार दिया। वहीं, बीजेपी नेता संगीत सोम ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभिनेता को ‘गद्दार’ तक कह दिया। इन विवादित बयानों ने खेल के मैदान को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील कर दिया है, जिससे केकेआर फ्रेंचाइजी की आलोचना और बढ़ गई है।
पाकिस्तानी क्रिकेटरों की तरह क्या लगेगा बैन?
सोशल मीडिया पर ‘बॉयकॉट बांग्लादेशी प्लेयर्स’ का ट्रेंड चल रहा है और मांग की जा रही है कि उन्हें भी पाकिस्तान की तरह आईपीएल से प्रतिबंधित किया जाए। वर्तमान में केवल पाकिस्तान के खिलाड़ी ही आईपीएल का हिस्सा नहीं बन सकते। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि जब तक पड़ोस में सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित नहीं होता, तब तक खेल कूटनीति बंद होनी चाहिए।
BCCI का रुख: बांग्लादेश दुश्मन देश नहीं
बढ़ते बवाल के बीच बीसीसीआई (BCCI) के सूत्रों ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार, फिलहाल बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए खेलेंगे। बोर्ड की रिपोर्ट में कहा गया है कि बांग्लादेश हमारा ‘दुश्मन देश’ नहीं है और खेल को इन परिस्थितियों से अलग रखा जाना चाहिए।
श्रीलंका U19 वर्ल्ड कप स्क्वॉड घोषित, जानिए किसे मिली कप्तानी और किसे उप-कप्तानी










