
Kharge Controversy : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। पटना, दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ समेत कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग उठाई है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस को घेरा
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कांग्रेस अध्यक्ष पर तंज कसा। पार्टी ने लिखा, ‘डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो, जो आपके आका को कभी नहीं मिलेगा।’ इस पोस्ट के जरिए बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के जनसमर्थन का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने कथित टिप्पणी के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान भी किया।

पटना में बीजेपी का जन आक्रोश मार्च
बिहार की राजधानी पटना में खरगे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च पार्टी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर तक पहुंचा। यहां बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने खरगे का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक राजनीति की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
जयपुर में कांग्रेस कार्यालय के घेराव की कोशिश
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करते नजर आए। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

चंडीगढ़ में बैरिकेडिंग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
चंडीगढ़ में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय से कांग्रेस के सेक्टर-34 कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए वाटर कैनन भी तैनात किए गए। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। अलग-अलग शहरों में हुए प्रदर्शनों से स्पष्ट है कि इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है।

नितिन नवीन ने कांग्रेस की भाषा पर उठाए सवाल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल पार्टी की राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर बार-बार विवादित बयान देते हैं। नवीन के मुताबिक, राहुल गांधी के बयानों से भी राजनीतिक मर्यादा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
बीजेपी ने जनता के समर्थन का दिया हवाला
नितिन नवीन ने कांग्रेस को हताशा और निराशा से घिरी पार्टी बताते हुए कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रधानमंत्री का अपमान करने वाली राजनीति का जवाब जनता चुनावों में दे सकती है। फिलहाल, खरगे की कथित टिप्पणी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। इस विवाद का राजनीतिक असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।
Read More : राहुल गांधी मानहानि मामले में बरी, अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़े केस में कोर्ट का बड़ा फैसला











