
Kharge Remark Row : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर कांग्रेस को लगातार घेर रही है। सोशल मीडिया पर भी दोनों दलों के बीच बयानबाजी जारी है। इसी कड़ी में बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से प्रधानमंत्री मोदी की एक तस्वीर साझा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पर तंज कसा।
लाल चश्मे वाली तस्वीर के साथ लिखा ‘मोदी नहीं जाएगा ब्रो’
बीजेपी की ओर से साझा की गई तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल रंग के चश्मे में नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ पार्टी ने लिखा, “मोदी नहीं जाएगा ब्रो।” पोस्ट में खरगे को संबोधित करते हुए बीजेपी ने कहा कि लोगों ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट दिया है। पार्टी ने आगे दावा किया कि मोदी को जनता का समर्थन हासिल है और कांग्रेस नेतृत्व को ऐसा समर्थन नहीं मिल सकता। इस पोस्ट को खरगे की टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

पटना के कार्यक्रम में खरगे ने क्या कहा था?
विवाद की शुरुआत रविवार को बिहार की राजधानी पटना में हुए एक कार्यक्रम से हुई। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान सामने खड़े एक व्यक्ति ने कहा, “मोदी नहीं जाएगा।” खबर के मुताबिक, इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने मंच से कहा, “मोदी का तो बाप भी जाएगा।” उनके इस कथन को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया। बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा बताते हुए कांग्रेस से माफी की मांग की।
बीजेपी नेताओं ने की कड़ी आलोचना
खरगे के बयान के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से इसकी निंदा की। पार्टी नेताओं ने टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। बीजेपी की ओर से इसे गुंडों की भाषा तक कहा गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बयान से सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला और राहुल गांधी तथा खरगे को लेकर तीखी टिप्पणी की।


राहुल गांधी को लेकर भी बीजेपी का हमला
इस विवाद के बीच बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भी सोशल मीडिया पर एक अलग पोस्ट साझा की। पार्टी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले आरोप लगाते हैं और बाद में तथ्यों का सामना करते हैं। पोस्ट में 2019 के राफेल मामले का उल्लेख करते हुए बीजेपी ने दावा किया कि राहुल गांधी ने बाद में सुप्रीम कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगी थी।
SIR और चुनाव आयोग को लेकर भी सियासी बयानबाजी
बीजेपी की पोस्ट में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर भी सवाल उठाए गए। पार्टी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर मतभेद होने की बात संयुक्त बयान से मेल नहीं खाती और संबंधित निर्णय सहमति से लिया गया था। बीजेपी ने कहा कि राजनीतिक आरोपों के कारण चुनाव आयोग की विश्वसनीयता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। खरगे की टिप्पणी और SIR को लेकर जारी बयानबाजी ने कांग्रेस-बीजेपी के बीच टकराव को और तेज कर दिया है।
Read More : UP News: योगी सरकार का बड़ा प्लान, यूपी में बनेगा BioE3 सेल; खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते











