Pune Murder Case: देश में राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी जैसे मामलों की चर्चा के बीच, अब एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। केतन अग्रवाल की हत्या ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक ‘परफेक्ट कपल’ के रूप में मशहूर केतन और सिया की लव स्टोरी किसी परी कथा (फेरी टेल) जैसी लगती थी। केतन ने अपनी मंगेतर सिया के जन्मदिन से पहले उसे जो सरप्राइज दिए, उन्हें देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था कि सिया के शातिर दिमाग में हत्या की एक खौफनाक पटकथा लिखी जा रही थी। केतन के प्रति प्रेम का ढोंग करने वाली सिया की इंस्टाग्राम पोस्ट से लेकर उनके सार्वजनिक व्यवहार तक, सब कुछ एक गहरे प्यार भरे रिश्ते की ओर इशारा कर रहा था, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलट थी।
दिखावे की खुशियों के पीछे छिपा था नफरत का चेहरा
बताते चले कि, केतन अग्रवाल ने अपनी मंगेतर सिया को जन्मदिन का प्री-बर्थडे सरप्राइज देने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। केतन ने जब सिया को फूल दिए और गाड़ी का रूफ टॉप खोलकर फूलों से उसे सराबोर किया, तो सिया की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह केतन को गले लगाकर बेहद खुश नजर आई। केतन एक मासूम प्रेमी की तरह सिया के हर हाव-भाव को सच मान बैठा था। वह यह जान ही नहीं पाया कि जिस महिला पर वह जान छिड़क रहा है, वह असल में उसकी जान लेने की ताक में बैठी है। केतन को अंदाजा ही नहीं था कि उस खूबसूरत चेहरे के पीछे एक अत्यंत खतरनाक और शातिर इरादे छिपे हैं।
सरप्राइज के नाम पर रची गई केतन की मौत की स्क्रिप्ट
सिया ने केतन के लिए जन्मदिन के जश्न का आयोजन एक कैफे में किया, जहां उसने केतन के साथ डांस किया और प्यार का इजहार भी किया। लेकिन यह सब सिर्फ एक जाल था। सिया ने प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के बहाने केतन को लोहगढ़ किले बुलाया। इस दौरान उसने अपने कथित बॉयफ्रेंड चेतन को भी वहां बुलाया था। साजिश इतनी गहरी थी कि चेतन ने शक से बचने के लिए अपना फोन घर पर छोड़ दिया और पहचान छिपाने के लिए हुडी पहनकर किले तक पहुंचा। पुलिस को चेतन की हुडी पहने हुए सीसीटीवी फुटेज भी मिल गई है।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
लोहगढ़ किले पर जब केतन फोटोग्राफी में व्यस्त था, तभी मौका पाकर सिया ने उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया। केतन की मौत के बाद सिया ने खुद पुलिस को फोन किया और पूरी घटना को एक दुर्घटना का नाम देते हुए कहा कि केतन का पैर फिसल गया था। हालांकि, पुलिस की जांच और सबूतों ने सिया की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस और परिजनों के मौके पर पहुंचने तक सिया ने अपना ‘प्लान बी’ अंजाम दे दिया था। वर्तमान में, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सिया की इस खौफनाक करतूत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।










