Ketan Agarwal Case Pune: पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नई और चौंकाने वाली परतें खुल रही हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने यह कबूल किया है कि केतन की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। पुलिस के मुताबिक, सिया इस पूरे हत्याकांड की ‘मास्टरमाइंड’ थी, जिसने न केवल चेतन को उकसाया, बल्कि लोहगढ़ किले को ही अपनी साजिश का केंद्र चुना।
‘डेथ पॉइंट’ पर रची गई थी हत्या की पटकथा
जांच में सामने आया है कि 31 मई को ही सिया ने केतन के साथ लोहगढ़ किले पर जाकर एक स्थान को ‘डेथ पॉइंट’ के रूप में चिन्हित कर लिया था। आरोपियों ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए तीन स्तरीय योजना बनाई थी। 14 जून को हुए पहले असफल प्रयास में केतन ने पेड़ पकड़कर अपनी जान बचा ली थी, जिसे सिया ने ‘सांप से बचाने’ का बहाना बनाकर दबा दिया। अंततः 18 जून को दूसरे प्रयास में केतन को खाई में धकेल कर मौत के घाट उतार दिया गया।
खास कोडवर्ड का इस्तेमाल किया गया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के दिन एक खास कोडवर्ड का इस्तेमाल किया गया। योजना के तहत, जैसे ही सिया केतन के सामने झुकती, वह चेतन के लिए इशारा होता था कि केतन को धक्का दे दिया जाए। 18 जून को लोहगढ़ किले पर यही हुआ। जैसे ही सिया झुकी, चेतन ने पीछे से आकर केतन को खाई में धकेल दिया। पुलिस के अनुसार, यदि यह योजना विफल रहती तो आरोपियों ने केतन को सड़क दुर्घटना में मारने का तीसरा विकल्प भी तैयार रखा था।
कत्ल की असली वजह
पूछताछ में सिया ने खुलासा किया कि उसने केतन को अपने और चेतन के प्रेम संबंधों के बारे में सब बता दिया था, लेकिन केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था। सिया का कहना है कि केतन उसे धमकी देता था कि उसका परिवार बहुत प्रभावशाली है और वह उसे कहीं से भी ढूंढ निकालेगा। सिया के परिजन उसकी आदतों से परेशान थे और एक अमीर घर में शादी कराकर उसकी जिंदगी को सुरक्षित करना चाहते थे, जबकि सिया चेतन के प्यार में थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर था।
फोन छोड़कर और मास्क पहनकर पहुंची थी कातिल जोड़ी
पुलिस जांच में आरोपियों की चालाकी और उसके पीछे के ठोस सबूत भी सामने आए हैं। गेटकीपर ने बताया कि चेतन पूरी तरह से ढके हुए कपड़ों और मास्क में वहां पहुंचा था। साथ ही, चेतन ने पकड़े जाने के डर से अपना फोन दुकान पर छोड़ दिया और अपने कर्मचारी का मोबाइल साथ रखा था। पुलिस ने कर्मचारी के बयान और मोबाइल लोकेशन के जरिए इस जाल को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। नशाखोरी और गलत संगत के इस मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।










