UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में विपक्षी खेमों के भीतर जारी हलचल के बीच एक नया राजनीतिक भूचाल आ गया है। सूबे के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से मुखातिब होते हुए दावा किया है कि समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर बहुत जल्द बड़ी टूट देखने को मिल सकती है। डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद राज्य के सियासी गलियारों में कयासों का दौर तेज हो गया है और विपक्ष की धड़कनें बढ़ गई हैं।
समाजवादी पार्टी में संभावित बिखराव का अंदेशा
बताते चले कि, केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी में अंदरूनी कलह और असंतोष का हवाला देते हुए एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल के करीब 25 से 26 सांसद पाला बदलने के लिए पूरी तरह से तैयार बैठे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसी भी दल को तोड़ने का प्रयास नहीं कर रही है। डिप्टी सीएम के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव की आहट से पहले ही सपा के ये नेता अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से नाखुश होकर खुद-ब-खुद पाला बदल लेंगे।
राम मंदिर दान विवाद पर सख्त रुख
आपको बता दे कि, अयोध्या के राम मंदिर में दानपात्र के पैसों से जुड़े कथित घोटाले पर भी उपमुख्यमंत्री ने अपनी बात बेहद मुखरता से रखी। उन्होंने आस्था और अध्यात्म का सहारा लेते हुए कहा कि भगवान के घर का पैसा गलत तरीके से हड़पने वाला इंसान कभी सुखी नहीं रह सकता; उसे अपने कर्मों का फल इसी जनम में भुगतना होगा। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि ‘हनुमान जी सब ठीक करेंगे।’ इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का रास्ता तय होगा।
कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति
डिप्टी सीएम मौर्य ने सरकार की अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ अपनाई जा रही कड़क नीति को दोहराया। उन्होंने स्पष्ट लफ्जों में कहा कि ‘एफआईआर (FIR) दर्ज करने की आवश्यकता जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय की जाएगी।’ प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जांच में जो भी शख्स कसूरवार पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस बयान के बाद जांच दल एक्टिव हो गया है, तो वहीं विपक्ष ने भी इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की मांग बुलंद कर दी है।
‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में गिनाईं केंद्र की ऐतिहासिक उपलब्धियां
लखनऊ में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शिरकत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 साल पूरे होने की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विकास, जनता के विश्वास और आत्मनिर्भरता के मोर्चे पर ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
वैश्विक मंच पर मजबूत होता भारत
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि आज देश की प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं। सरकार का पूरा ध्यान गरीब कल्याण योजनाओं, युवा सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और नारी शक्ति को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। इन्हीं जनकल्याणकारी और दूरदर्शी कदमों की बदौलत आज हिंदुस्तान वैश्विक पटल पर एक बेहद मजबूत और स्वावलंबी महाशक्ति के रूप में उभरकर सामने आ रहा है।










