Kerala New CM: केरल में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। तिरुवनंतपुरम में कल यानी गुरुवार सुबह 11 बजे कांग्रेस विधायक दल (CLP) की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा तय किया गया नाम ही विधायक दल के सामने रखा जाएगा। पहले ही कांग्रेस विधायकों ने एक प्रस्ताव पारित कर यह अधिकार पार्टी आलाकमान को सौंप दिया था कि मुख्यमंत्री का चयन अब कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे।
दिल्ली से लेकर केरल तक चला मंथन
मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में लगातार विचार-विमर्श चल रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी, संभवतः कल की बैठक के बाद।
इससे पहले दिल्ली में 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के बीच भी लंबी चर्चा हुई, जिसमें केरल के संभावित मुख्यमंत्री चेहरों पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में ये नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय कांग्रेस आलाकमान की ओर से ही लिया जाएगा और विधायक दल की बैठक में इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
UDF को मिला बहुमत
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) ने 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनने में देरी हो रही है। पार्टी के अंदर चल रही चर्चा और संतुलन साधने की कोशिशों को इस देरी की वजह माना जा रहा है।
IUML भी कांग्रेस के फैसले का इंतजार कर रही
UDF की प्रमुख सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने स्पष्ट किया है कि वह कांग्रेस के अंतिम फैसले का इंतजार करेगी। मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद ही IUML अपना आधिकारिक रुख तय करेगी। IUML प्रमुख सादिक अली शिहाब थंगल के आवास पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी नेतृत्व को अंतिम फैसले के लिए अधिकृत किया गया है। IUML नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री चयन में देरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे सरकार गठन पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
कांग्रेस नेतृत्व पर बढ़ा दबाव
हालांकि मुख्यमंत्री चयन में देरी को लेकर पार्टी के भीतर और सहयोगी दलों में हल्की असंतुष्टि की स्थिति भी बताई जा रही है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि सभी पहलुओं पर विचार कर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अब सभी की निगाहें कल सुबह 11 बजे होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी हैं, जहां केरल के नए मुख्यमंत्री का नाम तय होने की पूरी संभावना है।
HC ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब: हरभजन सिंह को जरूरत से ज्यादा सुरक्षा देने पर उठे सवाल










