Assembly Election 2026: केरलम सहित 3 राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के दौरान आज केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने तिरुवनंतपुरम के एक पोलिंग स्टेशन पर मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया।वोट डालने के बाद,राज्यपाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि,चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेकर उन्हें “बहुत खुशी” हुई साथ ही राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और अपने “पवित्र कर्तव्य” को निभाएं।
केरलम सहित 3 राज्यों में मतदान
उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि मैंने वोट डाला है।लोकतंत्र न केवल हमारी धरती में बल्कि हमारे दिलों में भी बहुत गहराई तक बसा हुआ है। आइए, हम लोकतंत्र के उस कर्तव्य को पूरा करें।” आपको बता दें कि,केरलम के कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एम.ए. बेबी ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला,जबकि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कन्नूर के पिनाराई आर.सी. अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट दिया।विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने एर्नाकुलम के केसरी गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में अपना वोट डाला।
राजनैतिक हस्तियों ने मतदान में लिया हिस्सा
अन्य मतदाताओं में,केरलम कांग्रेस के अध्यक्ष सन्नी जोसेफ और सांसद हिबी ईडन ने कन्नूर और कोच्चि में वोट डाला,कांग्रेस की राज्यसभा सांसद जेबी माथेर ने भी मतदान में हिस्सा लिया।भाजपा नेता अनिल के.एंटनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी.मुरलीधरन ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला।अभिनेता से राजनेता बने और UDF के उम्मीदवार रमेश पिशारोडी ने पलक्कड़ में अपना वोट डाला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन ने तिरुवनंतपुरम के जवाहर नगर LP स्कूल में वोट दिया।
11 बजे तक 32.78% रहा मतदान प्रतिशत
असम की 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान जारी है। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।इस बीच, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, चल रहे 2026 विधानसभा चुनावों के लिए सुबह 11 बजे केरलम में मतदान प्रतिशत 32.78% रहा।जबकि असम में सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 38 फीसदी से अधिक रहा और पुदुचेरी में 37.06 % मतदान हुआ।
राज्य में कुल 30,471 मतदान केंद्र स्थापित
केरलम में, 2.6 करोड़ से अधिक मतदाता 140 निर्वाचन क्षेत्रों में 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य भर में 2,69,53,644 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,38,27,319 महिला मतदाता हैं और पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,31,26,048 है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 277 तीसरे लिंग के मतदाता हैं।मतदाताओं में, लगभग 4,24,518 मतदाता 18-19 आयु वर्ग के हैं, जबकि 2,04,608 मतदाता 85 वर्ष और उससे अधिक आयु के हैं। सुरक्षित और सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए, कुल 30,471 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।










