Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम के कपाट खुले! सीएम धामी ने की विशेष पूजा, पीएम मोदी ने दिए 5 संकल्प

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर के द्वार खुले। 51 कुंतल फूलों से सजे धाम में हजारों भक्त इस पावन क्षण के साक्षी बने, जबकि पीएम मोदी ने यात्रियों से पांच विशेष संकल्प अपनाने की अपील की।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 22, 2026

Kedarnath Dham: उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण पर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा का उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है।

51 कुंतल फूलों से भव्य श्रृंगार

बताते चले कि, इस वर्ष केदारनाथ मंदिर की सजावट के लिए करीब 51 कुंतल फूलों का उपयोग किया गया है, जिसने पूरे परिसर को एक दिव्य और अलौकिक रूप प्रदान किया। कपाट खुलने से कई दिन पहले ही देश-विदेश से हजारों तीर्थयात्री केदारपुरी पहुंच चुके थे। बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था डगमगाई नहीं और भक्त लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा केदार की एक झलक पाने को आतुर दिखे। फूलों की खुशबू और भक्तिमय वातावरण ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पंचमुखी डोली का धाम आगमन

कपाट खुलने की प्रक्रिया से पूर्व, मंगलवार शाम बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन निवास ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से चलकर धाम पहुंची। श्रद्धालुओं और सुरक्षाबलों की कड़ी निगरानी में यह डोली 17 किलोमीटर की दुर्गम पैदल यात्रा तय कर रामबाड़ा और लिनचोली होते हुए बेस कैंप पहुंची। जब डोली ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया, तो पुष्प वर्षा और 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की धुन ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया। डमरूओं की गूंज और पुलिस-आईटीबीपी की मुस्तैदी के बीच डोली को भंडार गृह में विराजमान किया गया।

पीएम मोदी का विशेष संदेश

चारधाम यात्रा के विधिवत शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपना संदेश भेजा। पीएम मोदी के पांच संकल्प इस बार यात्रा का मुख्य केंद्र रहे, जिसमें उन्होंने भक्तों से स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भाव, स्थानीय उत्पादों (लोकल फॉर वोकल) को बढ़ावा देने और यात्रा नियमों के पालन की अपील की। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि श्रद्धा के साथ-साथ प्रकृति और व्यवस्था का सम्मान करना भी शिव सेवा के समान है। प्रशासन ने इन संकल्पों को लागू करने के लिए धाम में विशेष प्रबंध किए हैं।

यात्रा को सुगम बनाने के लिए तैनात रहा भारी अमला

कपाट उद्घाटन के इस भव्य समारोह में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित प्रशासन के कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में पुलिस व आईटीबीपी के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ था। मंदिर समिति ने सुनिश्चित किया कि पहले दिन दर्शन के लिए आए प्रत्येक श्रद्धालु को व्यवस्थित ढंग से बाबा केदार का आशीर्वाद मिल सके। इस गरिमामय उपस्थिति ने यात्रा के सफल आयोजन का विश्वास दिलाया है।