KC Cariappa Retirement: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में होने वाली है, लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट से पहले ही भारतीय क्रिकेट को एक भावुक विदाई देखने को मिली है। पूर्व कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) खिलाड़ी केसी करियप्पा ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बीसीसीआई से जुड़े सभी प्रारूपों से खुद को अलग करने का फैसला किया, जिससे उनके फैंस भावुक हो गए।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए किया ऐलान
केसी करियप्पा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा और भावनात्मक संदेश साझा करते हुए रिटायरमेंट की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि सड़कों से लेकर बड़े स्टेडियम की रोशनी तक का सफर उन्होंने पूरे गर्व के साथ तय किया। हर जर्सी पहनना उनके लिए सम्मान की बात रही और उन्होंने अपने बचपन के सपने को पूरी तरह जिया।अपने पोस्ट में करियप्पा ने साफ तौर पर कहा कि वह आधिकारिक रूप से बीसीसीआई क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने इस सफर को जीवन बदलने वाला बताया और कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया। जीत ने जहां खुशी दी, वहीं हार ने उन्हें मजबूत बनाया और जीवन के अहम सबक सिखाए।
कर्नाटक और मिजोरम क्रिकेट को दिया धन्यवाद
केसी करियप्पा ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि KSCA ने उन्हें तैयार किया और उन पर भरोसा किया, जो उनके करियर के लिए बेहद जरूरी था। इसके अलावा उन्होंने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम को भी परिवार जैसा समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया।करियप्पा ने अपने IPL करियर को हमेशा दिल के करीब बताया। उन्होंने कहा कि सात साल तक आईपीएल का हिस्सा रहना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने KKR, पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया और हर टीम के साथ जुड़े अनुभवों को यादगार बताया।
IPL नीलामी में मिली थी बड़ी पहचान
केसी करियप्पा को 2015 में आईपीएल में बड़ी पहचान मिली, जब KKR ने उन्हें 2.40 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद उन्होंने पंजाब के लिए दो सीजन खेले और करीब 1.60 करोड़ रुपये कमाए। 2019 में वह 20 लाख रुपये में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में फिर से KKR का हिस्सा बने।2021, 2022 और 2023 के सीजन में करियप्पा राजस्थान रॉयल्स की टीम से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने कुल 80 लाख रुपये की कमाई की। पूरे आईपीएल करियर में उन्होंने लगभग 5 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो उनके छोटे लेकिन प्रभावशाली सफर को दर्शाता है।
IPL में प्रदर्शन और आंकड़े
केसी करियप्पा ने अपने आईपीएल करियर में कुल 11 मुकाबले खेले और 8 विकेट लेने में सफलता हासिल की। भले ही उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपनी गेंदबाजी से अलग पहचान बनाई और टीमों के लिए उपयोगी साबित हुए।अपने संदेश के अंत में करियप्पा ने कहा कि भले ही वह बीसीसीआई क्रिकेट से संन्यास ले रहे हों, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा। उन्होंने सभी चयनकर्ताओं, कोचों, टीममेट्स, सपोर्ट स्टाफ और फैंस का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके सपनों का साथ दिया।
Read More : UPI Scam Alert: UPI पेमेंट बन सकता है खतरा! ऐसे सुरक्षित रखें अकाउंट










