Katni Train Accident: कटनी जिले में एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसने रेलवे प्रशासन और यात्रियों दोनों को परेशान कर दिया है। बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी न्यू कटनी के ए-केबिन के पास अचानक पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना में मालगाड़ी की 5 बोगियां डीरेल हो गई, जिनमें से दो डिब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए।
हादसे का विवरण
आपको बता दें कि, मालगाड़ी की पांच बोगियां पटरी से उतरने के कारण ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डिब्बों के पलटने से उनमें भरा कोयला बड़ी मात्रा में रेल पटरियों और आसपास के इलाके में फैल गया। इस घटना ने रेलवे प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करने पर मजबूर कर दिया।
प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया
बताते चलें कि, हादसे की सूचना मिलते ही कटनी रेल एरिया मैनेजर रोहित सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और मरम्मत कार्य के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) को बुलाया गया। जबलपुर से भी अतिरिक्त राहत टीम को मौके पर भेजा गया है। रेलवे अधिकारी लगातार ट्रैक से कोयला हटाने और क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत का काम कर रहे हैं।
यात्री ट्रेनों पर असर
इस हादसे का सीधा असर अप और डाउन लाइन से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों पर पड़ा। कुछ ट्रेनों को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को रोककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द ट्रैक बहाल करने की कोशिश कर रहा है।
राहत कार्य जारी
कटनी की एआरटी टीम मौके पर लगातार काम कर रही है। रेलवे का प्रयास है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर प्रभावित ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कराया जाए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।










