
Karwa Chauth Makeup: करवा चौथ का दिन हर महिला के लिए खास होता है। सुबह से व्रत रखने, पूजा की तैयारी करने, मेहंदी लगवाने और घर के काम निपटाने के बीच खुद के लिए समय निकालना आसान नहीं होता। ऐसे में शाम को जब पूजा के लिए तैयार होने की बारी आती है, तो हर महिला चाहती है कि उसका लुक खूबसूरत दिखे और मेकअप चांद निकलने तक टिका रहे। लेकिन इसके लिए सिर्फ अच्छे मेकअप प्रोडक्ट्स ही नहीं, बल्कि उन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करना भी जरूरी है।
करवा चौथ पर कैसा मेकअप करें?

करवा चौथ पर बहुत ज्यादा हैवी मेकअप करने की जरूरत नहीं है। ऐसा मेकअप चुनें जो चेहरे को नेचुरल ग्लो दे और लंबे समय तक आरामदायक बना रहे। ड्यूई बेस, पीची या रोजी ब्लश, गोल्डन-ब्रॉन्ज आईशैडो और रेड, मैरून या डीप कोरल लिपस्टिक से खूबसूरत लुक मिल सकता है। खास बात यह है कि मेकअप आपकी स्किन और आउटफिट के साथ भी मैच करना चाहिए। ज्यादा पाउडर लगाने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा रूखी और मेकअप पैची दिख सकता है।
मेकअप से पहले स्किन की तैयारी करना न भूलें
करवा चौथ पर मेकअप को लंबे समय तक टिकाने के लिए सबसे पहले त्वचा को तैयार करना जरूरी है। चेहरा साफ करने के बाद अच्छी तरह मॉइस्चराइजर लगाएं और उसे स्किन में सेट होने के लिए कुछ मिनट दें। इसके बाद प्राइमर लगाएं। इसे पूरे चेहरे पर मोटी परत में लगाने की जरूरत नहीं है। नाक, माथे और ठुड्डी जैसे हिस्सों पर हल्का प्राइमर भी काफी हो सकता है। इससे मेकअप का बेस बेहतर बनेगा और वह जल्दी खराब होने से बच सकता है।
करवा चौथ पर फाउंडेशन कम लगाएं, मिलेगा नेचुरल लुक
मेकअप करते समय कई बार महिलाएं ज्यादा फाउंडेशन लगा लेती हैं, जिससे कुछ घंटों बाद चेहरा भारी दिखने लगता है। इसलिए पहले हल्का या मीडियम कवरेज फाउंडेशन लगाएं। जहां ज्यादा कवरेज की जरूरत हो, वहां दूसरी पतली लेयर लगा सकती हैं। आंखों के नीचे और नाक के आसपास कंसीलर लगाकर उसे अच्छी तरह ब्लेंड करें। वहीं, पूरे चेहरे पर पाउडर की मोटी परत लगाने के बजाय सिर्फ माथे, नाक और ठुड्डी पर हल्का पाउडर लगाएं। इससे चेहरे का नेचुरल ग्लो बना रहेगा।

गोल्डन आई मेकअप और ब्लश से बढ़ाएं करवा चौथ की खूबसूरती

करवा चौथ के लुक में ब्लश और आई मेकअप खास भूमिका निभाते हैं। गालों पर पीची या रोजी ब्लश लगाने से चेहरा फ्रेश दिखता है। इसके साथ चीकबोन्स पर थोड़ा ब्रॉन्जर और चेहरे के ऊपरी हिस्सों पर हल्का हाइलाइटर लगा सकती हैं। आंखों के लिए गोल्ड, ब्रॉन्ज, कॉपर और सॉफ्ट ब्राउन जैसे शेड अच्छे विकल्प हैं। आईलाइनर और मस्कारा लगाने से आंखें खूबसूरत दिखेंगी। अगर ज्यादा ग्लैमरस लुक चाहिए तो नेचुरल लैशेज भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
करवा चौथ पर लिपस्टिक को लंबे समय तक कैसे टिकाएं?
व्रत के दौरान होंठ रूखे महसूस हो सकते हैं, इसलिए लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को तैयार करना न भूलें। लिप पेंसिल से आउटलाइन बनाकर होंठों के अंदर भी हल्का रंग भरें। इसके बाद लिपस्टिक की पतली परत लगाएं, टिश्यू से हल्का ब्लॉट करें और फिर दूसरी पतली परत लगाएं। इससे रंग लंबे समय तक बना रह सकता है। हल्की त्वचा पर चेरी या रोजी रेड, गेहूंए रंग पर ब्रिक रेड या बेरी और गहरी त्वचा पर मैरून, वाइन या बर्न्ट ऑरेंज अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
करवा चौथ मेकअप में इन गलतियों से बचें
अगर आपके पास तैयार होने के लिए कम समय है, तो हल्का बेस, क्रीम ब्लश, मस्कारा और रेड लिप टिंट से भी खूबसूरत लुक बनाया जा सकता है। मेकअप के लिए आखिरी समय तक इंतजार न करें और त्योहार के दिन किसी नए प्रोडक्ट को पहली बार इस्तेमाल करने से बचें। साथ ही अपने पास एक छोटा टच-अप किट रखें, जिसमें लिपस्टिक, लिप पेंसिल, ब्लॉटिंग टिश्यू और जरूरत के दूसरे प्रोडक्ट हों। इससे पूजा और चांद निकलने के समय तक मेकअप को फ्रेश रखने में मदद मिल सकती है।











