Karan Johar Unfollowing Celebs On Instagram: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बड़ी सफाई अभियान जैसा कदम उठाते हुए इंडस्ट्री के अपने कई करीबी दोस्तों और नामचीन सितारों को अनफॉलो कर दिया है। इस लिस्ट में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, वरुण धवन, आलिया भट्ट, करीना कपूर और मलाइका अरोड़ा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। उनके इस अचानक लिए गए फैसले से फैंस और फॉलोअर्स हैरान रह गए थे, लेकिन अब करण ने खुद इस कदम के पीछे का सच सामने रखा है।
करण जौहर का स्पष्टीकरण
बताते चले कि, अपने इस कदम के बाद बढ़ती अटकलों पर विराम लगाते हुए करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि उनका एक व्यक्तिगत निर्णय है। करण ने लिखा, “यह केवल एक ‘डिजिटल डिटॉक्स’ है। मैं अपनी ऊर्जा और उस समय को बचाने के लिए लोगों को अनफॉलो कर रहा हूं, जो मैं इंस्टाग्राम पर खर्च करता हूं।” साथ ही, उन्होंने मीडिया और फैंस से आग्रह किया कि इस मामले को बेवजह तूल न दें और इसे ‘नेशनल न्यूज’ न बनाएं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि लोग क्लिकबेट के लिए कुछ और ढूंढें क्योंकि यह उनके निजी जीवन का छोटा सा बदलाव है।
फॉलोइंग लिस्ट में बदलाव
गौरतलब है कि इंस्टाग्राम पर 17.5 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले करण जौहर अब तक कुल 78 लोगों को ही फॉलो कर रहे हैं। इस छंटनी की प्रक्रिया में उन्होंने अपने सबसे करीबी दोस्त मनीष मल्होत्रा और अनन्या पांडे जैसे सितारों को भी सूची से हटा दिया है। हालाँकि, इस पूरी फेरबदल के बीच एक नाम जो अभी भी उनकी फॉलोइंग लिस्ट में बरकरार है, वह है प्रियंका चोपड़ा। करण के इस चयनात्मक रवैये ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है, लेकिन निर्देशक ने किसी भी प्रकार के मनमुटाव की खबरों को सिरे से खारिज किया है।
फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ की असफलता
करण जौहर के व्यावसायिक मोर्चे की बात करें तो फिलहाल वे अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ के परिणामों को लेकर चर्चा में हैं। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में अनन्या पांडे और लक्ष्य मुख्य भूमिका में थे। उम्मीद के विपरीत, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास जादू नहीं दिखा पाई। अब करण जौहर का पूरा ध्यान अपनी आने वाली फिल्म ‘नागजिला’ पर है। इस प्रोजेक्ट के साथ वे एक बार फिर कार्तिक आर्यन के साथ काम करते नजर आएंगे, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।










