Kanwar Yatra 2026: बरेली में मुख्य सचिव और डीजीपी की हाई-लेवल बैठक, सावन के तीसरे-चौथे सोमवार पर विशेष चौकसी के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने बरेली में नौ जिलों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। कांवड़ यात्रा के दौरान रूट पर मांस-मदिरा प्रतिबंधित करने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। तीसरे और चौथे सोमवार पर विशेष चौकसी बरती जाएगी।

Kanwar Yatra 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 30, 2026

Kanwar Yatra 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बृहस्पतिवार को बरेली में एक महत्वपूर्ण मंडलीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल नौ जिलों के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर देते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को सावन के तीसरे और चौथे सोमवार के महत्वपूर्ण अवसरों पर विशेष चौकसी और सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही, डीजीपी ने स्पष्ट रूप से आदेशित किया है कि पूरे कांवड़ रूट पर मांस और मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहनी चाहिए तथा मार्ग पर उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की भ्रामक या असामाजिक अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने और डीजे की आवाज तय करने के निर्देश

बताते चले कि, समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने अराजक तत्वों से पूरी सख्ती से निपटने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर यदि कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है, तो त्वरित प्रतिक्रिया बल (QRT) बिना किसी देरी के तुरंत प्रभावी कार्रवाई करेगा। इसके अलावा, कांवड़ यात्रा के दौरान बजाए जाने वाले डीजे की आवाज और उसके तय आकार (साइज) को नियंत्रित करने के लिए डीजे संचालकों के साथ पहले ही बैठक कर मानक निर्धारित करने को कहा गया है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और तालमेल स्थापित कर काम करने के निर्देश दिए। अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे का भी विशेष रूप से जिक्र किया और राज्य भर में कांवड़ यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सरकारी विभागों को पुख्ता प्रशासनिक निर्देश जारी किए हैं।

बरेली और मुरादाबाद मंडलों के नौ जिलों के वरिष्ठ अफसर रहे मौजूद

आपको बता दे कि, मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 11 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए पुलिस लाइन मैदान में उतरे, जिसके बाद वे सीधे सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचे। इस वृहद समीक्षा बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडलों के कमिश्नर, अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस महानिरीक्षक (IG) और उप-महानिरीक्षक (DIG) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल कुल नौ जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) भी शामिल हुए। स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा आगामी कांवड़ यात्रा और सावन मास की तैयारियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक विशेष ‘कांवड़ यात्रा बुकलेट’ तैयार की गई थी, जिसे इन दोनों शीर्ष अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किया गया और उसकी रूपरेखा की सराहना की गई।