Kanpur News: कानपुर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके वीआईपी रोड पर रविवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब करोड़ों की एक लग्जरी कार राहगीरों के लिए काल बनकर आई। तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी ने सड़क किनारे चल रहे मासूमों और फल खरीद रहे लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Weather Update: यूपी में फिर पलटा मौसम, 24 जिलों में घना कोहरा, ऑरेंज अलर्ट जारी
ग्वालटोली क्षेत्र में लग्जरी कार का कहर
बताते चले कि, यह हृदयविदारक घटना ग्वालटोली थाना अंतर्गत रेव-3 मॉल के पास वीआईपी रोड पर घटित हुई। दिल्ली नंबर की एक काले रंग की लैंबॉर्गिनी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ पर पैदल चल रहे राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सड़क पर हुए इस खूनी तांडव के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और गुस्साए परिजनों ने पुलिस प्रशासन के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
तंबाकू कारोबारी की कार और चालक पर सवाल
जांच में सामने आया है कि दुर्घटना करने वाली यह महंगी स्पोर्ट्स कार शहर के प्रतिष्ठित तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा (स्वरूप नगर निवासी) की फर्म के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के वक्त कार को शिवम कुमार मिश्रा चला रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, कुछ स्थानीय चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि कार चलाते समय चालक को अचानक ‘मेडिकल इमरजेंसी’ या हार्ट अटैक आने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित हुई, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पीड़ितों की आपबीती और बाउंसरों की गुंडागर्दी
हादसे का शिकार हुए सोनू त्रिपाठी और विशाल त्रिपाठी ने बताया कि वे फल खरीद रहे थे, तभी अचानक मौत बनकर आई कार ने उनके साथी को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं, एक अन्य घायल तौफीक के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके पैर की हड्डी टूट गई और वे खड़े होने की स्थिति में भी नहीं हैं। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे कारोबारी के बाउंसरों ने घायलों की मदद करने के बजाय उनके परिजनों के साथ बदसलूकी और अभद्रता की, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
पुलिसिया कार्रवाई और मेडिकल जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त लैंबॉर्गिनी को कब्जे में लेकर चालक शिवम मिश्रा को इलाज के लिए कार्डियोलॉजी अस्पताल भेजा है ताकि उसकी स्वास्थ्य स्थिति का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर चालक और कार मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
कानपुर वीआईपी रोड पर सुरक्षा के दावों की पोल
इस घटना ने शहर के वीआईपी इलाकों में होने वाली तेज रफ्तार ड्राइविंग पर फिर से सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पॉश इलाकों में अक्सर रईसजादे अपनी लग्जरी गाड़ियों के जरिए ‘मौत की रेस’ लगाते हैं, जिससे आम जनता की जान खतरे में रहती है। घायलों के परिजनों ने मांग की है कि रईसजादे की इस कार से हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए और आरोपी चालक के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बन सके।










