Kanpur News: कानपुर के बिठूर इलाके में स्थित राजा नर्सिंग होम में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। अरुण निषाद और उनकी पत्नी शालू की नवजात बच्ची को जन्म के बाद आईसीयू की वार्मर मशीन में रखा गया था। नर्सिंग स्टाफ मशीन चलाकर उसकी निगरानी करना भूल गया, जिससे मशीन का तापमान अत्यधिक बढ़ गया। इस तकनीकी और मानवीय लापरवाही के कारण बच्ची का शरीर जल गया और तड़पते हुए उसकी मौत हो गई।
Kanpur News: ‘ठाकुर हूं मैं…’ कानपुर के HDFC बैंक में महिला कर्मचारी ने ग्राहक को दी गालियां, वीडियो वायरल
परिजनों का हंगामा और डॉक्टरों की लापरवाही
बच्ची के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह मातम में बदल गया। जब परिजनों ने बच्ची को देखने की जिद की तो नर्सों ने उन्हें टाल दिया। शक होने पर परिजन जबरन आईसीयू में पहुंचे तो देखा कि बच्ची का सिर और हाथ बुरी तरह जल चुके थे। इस दृश्य को देखकर परिवार सदमे में आ गया और अस्पताल में भारी हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ते देख डॉक्टर विवेक मिश्रा और पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अस्पताल के आईसीयू को सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को भी इस घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल संचालक ने इसे महज एक ‘हादसा’ करार दिया।
पीड़ित परिवार का दर्द
यह अरुण निषाद की पहली संतान थी। बच्ची की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। दादी प्रेमा और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे दुखद पहलू यह है कि मां शालू को अभी तक बच्ची की मौत की खबर नहीं दी गई है। परिवार का कहना है कि इस आपराधिक लापरवाही के जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाए।










