Kanpur News: कानपुर से दिल्ली के लिए नई डेली ट्रेन, 25 साल बाद मिला बड़ा तोहफा

कानपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार के बीच नई दैनिक ट्रेन कानपुर मेल को मंजूरी दी है। 25 साल बाद कानपुर से दिल्ली के लिए नई सीधी ट्रेन मिलेगी। इसके अलावा मुंबई-पुणे से पूर्वांचल के लिए स्पेशल और त्योहार विशेष ट्रेनें भी चलेंगी।

Kanpur News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 26, 2026

Kanpur News: कानपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन से आनंद विहार, दिल्ली के लिए नई दैनिक ट्रेन चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड से स्वीकृत इस ट्रेन का नाम 14153-14154 कानपुर मेल रखा गया है। खास बात यह है कि यह कानपुर सेंट्रल से संचालित होने वाली पहली ट्रेन होगी, जिसका नाम सीधे कानपुर शहर के नाम पर रखा गया है। ट्रेन शुरू होने के साथ शहर के नाम एक नया रेलवे रिकॉर्ड भी जुड़ जाएगा।

कानपुर से दिल्ली नई ट्रेन की मांग

Kanpur News

बताते चले कि, कानपुर से दिल्ली के बीच नई सीधी ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, रेल मंत्री और क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठकों में इस मांग को प्रमुखता से रखा था। अब रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद इसे अमलीजामा पहनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सांसद के मुताबिक, नई ट्रेन को हर हाल में दशहरा तक शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

25 साल बाद कानपुर से दिल्ली के लिए मिली नई सीधी दैनिक ट्रेन

कानपुर से दिल्ली के बीच नई सीधी दैनिक ट्रेन की मंजूरी करीब 25 साल बाद मिली है। इससे पहले 1 सितंबर 2001 को श्रमशक्ति एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी। अब कानपुर मेल के संचालन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एक और दैनिक विकल्प मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में आठ स्टॉपेज प्रस्तावित हैं, जिससे गाजियाबाद, दादरी और मार्ग में पड़ने वाले अन्य शहरों के यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कानपुर मेल का टाइम टेबल, रात में चलेगी ट्रेन

रेलवे से मंजूर शेड्यूल के मुताबिक 14153 कानपुर मेल कानपुर सेंट्रल से हर दिन रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में 14154 आनंद विहार-कानपुर मेल रात 11:25 बजे आनंद विहार से रवाना होगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। रात में चलने वाली इस ट्रेन से दिल्ली जाने और लौटने वाले यात्रियों को समय के लिहाज से नया विकल्प मिलेगा।

‘कानपुर मेल’ नाम से शहर को मिला खास रेल कनेक्शन

नई ट्रेन के नाम को लेकर भी कानपुर के यात्रियों में उत्साह है। कानपुर मेल नाम की यह ट्रेन शहर के नाम पर संचालित होने वाली पहली ट्रेन होगी। सांसद रमेश अवस्थी ने नई ट्रेन की मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ट्रेन को दशहरा तक चलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

मुंबई-पुणे से पूर्वांचल के लिए भी चलेंगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

दूसरी ओर, त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुंबई और पुणे से पूर्वांचल के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 11 अक्टूबर से 20 नवंबर तक 12 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के रास्ते वाराणसी, जौनपुर और शाहगंज होते हुए मऊ पहुंचेगी।

पुणे-गाजीपुर और मुंबई-बनारस स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत

Kanpur News

हडपसर-गाजीपुर सिटी द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर से 20 नवंबर तक 12 फेरे लगाएगी। इसका मार्ग भी प्रयागराज छिवकी, वाराणसी और जौनपुर होकर रहेगा। वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 14 अक्टूबर से 19 नवंबर तक 12 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन भी प्रयागराज छिवकी के रास्ते बनारस पहुंचेगी।

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी, कई रूटों पर बढ़ेगी कनेक्टिविटी

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने भी कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। मऊ-अंबाला कैंट के बीच गोरखपुर के रास्ते साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05301-05302 कुल नौ फेरों के लिए संचालित होगी और इसका संचालन 1 अक्टूबर से 27 नवंबर तक किया जाएगा।

ऋषिकेश-कोलकाता और अमृतसर-कोलकाता के बीच भी स्पेशल ट्रेनें

इसके अलावा 04312-04311 योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योगनगरी ऋषिकेश आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस 16 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी। वहीं 04624-04623 अमृतसर-कोलकाता-अमृतसर त्योहार विशेष एक्सप्रेस का संचालन 7 अक्टूबर से 28 नवंबर तक किया जाएगा। रेलवे के इन अतिरिक्त ट्रेनों से त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

त्योहारों से पहले रेलवे ने बढ़ाई ट्रेनों की संख्या

Kanpur News

कानपुर के लिए नई दैनिक कानपुर मेल और मुंबई-पुणे से पूर्वांचल के लिए स्पेशल ट्रेनों की मंजूरी ऐसे समय हुई है, जब त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। नई सेवाओं से कानपुर-दिल्ली के साथ पूर्वांचल और देश के अन्य हिस्सों के बीच रेल कनेक्टिविटी में अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।