Bollywood Controversy: बॉलीवुड की दो चर्चित अभिनेत्रियों कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में तापसी पन्नू ने कंगना रनौत को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसके बाद दोनों के बीच लंबे समय से चली आ रही जुबानी जंग फिर तेज होती दिखाई दे रही है। तापसी के बयान पर अब कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
तापसी पन्नू ने कंगना रनौत की परवरिश पर क्या कहा?
दरअसल, तापसी पन्नू ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कंगना रनौत के साथ अपने विवाद को लेकर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जब दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था, तब भी उनकी कंगना से मुलाकात नहीं हुई थी और आज भी वह उनसे नहीं मिली हैं। तापसी ने कहा कि किसी व्यक्ति के बारे में उनके बोलने का तरीका उनकी परवरिश और नजरिए को दर्शाता है, जबकि सामने वाले की बातें उसके अपने नजरिए को दिखाती हैं।
कंगना रनौत ने तापसी पन्नू को दिया करारा जवाब
आपको बता दे कि, तापसी पन्नू के इस बयान के बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने तापसी पर जमकर निशाना साधा। कंगना ने आरोप लगाया कि तापसी उनकी चर्चा करके अपनी आने वाली फिल्म का प्रचार कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने तापसी को ‘सस्ती कॉपी’ तक कह दिया। कंगना ने यह भी कहा कि उनके माता-पिता की परवरिश पर सवाल उठाना हद पार करने जैसा है।
‘मेरे माता-पिता की परवरिश पर सवाल क्यों?’
कंगना रनौत ने अपने पोस्ट में तापसी के परिवार को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी के माता-पिता की परवरिश पर सवाल नहीं उठाया, लेकिन अब वह तापसी के माता-पिता से पूछना चाहती हैं कि उन्होंने उनके माता-पिता की तरह एक ‘ओरिजनल इंसान’ क्यों नहीं पैदा किया। इसी के साथ कंगना ने तापसी को दोबारा ‘सस्ती कॉपी’ कहकर निशाना साधा। कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
कंगना-तापसी विवाद की शुरुआत साल 2019 में हुई थी
कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच विवाद कोई नया नहीं है। दोनों के बीच यह जुबानी जंग साल 2019 के आसपास चर्चा में आई थी। उस समय कंगना रनौत की फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ रिलीज हुई थी। तापसी पन्नू ने फिल्म की तारीफ की थी, लेकिन कथित तौर पर कंगना का नाम नहीं लिया था। इसके बाद कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को ‘सस्ती कॉपी’ कहकर उन पर निशाना साधा था।
‘सस्ती कॉपी’ से शुरू हुई थी जुबानी जंग
रंगोली के बयान के बाद कंगना और तापसी के बीच विवाद और ज्यादा सुर्खियों में आ गया था। बाद में कंगना ने भी तापसी को लेकर तीखी टिप्पणियां की थीं और उनके काम को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद दोनों अभिनेत्रियों के बीच कई मौकों पर बयानबाजी देखने को मिली। समय के साथ विवाद शांत जरूर हुआ, लेकिन दोनों के बीच पुरानी तनातनी पूरी तरह खत्म होती नजर नहीं आई।
तापसी के नए बयान से फिर बढ़ा बॉलीवुड विवाद
अब तापसी पन्नू के हालिया इंटरव्यू और उसके जवाब में कंगना रनौत की तीखी सोशल मीडिया पोस्ट ने इस पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है। एक तरफ तापसी ने अपने बयान के जरिए दोनों के नजरिए और परवरिश में अंतर की ओर इशारा किया, तो दूसरी तरफ कंगना ने बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया। दोनों के बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सोशल मीडिया पर कंगना रनौत के पोस्ट की चर्चा
कंगना रनौत की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स भी इस विवाद को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग कंगना के जवाब को तीखा लेकिन सीधा पलटवार बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स दोनों अभिनेत्रियों से पुरानी बयानबाजी खत्म करने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल, तापसी के बयान के बाद शुरू हुआ यह नया विवाद एक बार फिर बॉलीवुड की सुर्खियों में आ गया है।










