Kangana vs Hrithik: ‘वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक’ ट्रेंड पर कंगना का पलटवार, जानिए पूरा मामला

ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का सालों पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। ‘वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक रोशन’ ट्रेंड के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया। आखिर यह ट्रेंड क्यों शुरू हुआ, ऋतिक ने क्या जवाब दिया और पुराना विवाद क्या था? जानिए पूरी कहानी।

‘वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक’ ट्रेंड पर कंगना का पलटवार

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 2, 2026

Kangana vs Hrithik: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत और अभिनेता ऋतिक रोशन के बीच सालों पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर चल रहे ‘वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक रोशन’ ट्रेंड के बाद दोनों सितारों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। ऋतिक रोशन की प्रतिक्रिया के बाद अब कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए उन पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने ऋतिक की गर्लफ्रेंड सबा आजाद का भी जिक्र करते हुए अपनी बात रखी।

सात सितारा होटल वाली गरीबी पर रवि किशन का बयान, सोशल मीडिया पर

कंगना ने ऋतिक को दी रिश्ते को लेकर सलाह

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि ऋतिक रोशन को सबा आजाद के रूप में अपना साथी मिल गया है और दोनों साथ में अच्छे लगते हैं। उन्होंने कहा कि अब जब ऋतिक एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं, तो उन्हें किसी महिला को परेशान करने या निशाना बनाने जैसी चीजों से बचना चाहिए। कंगना ने यह भी कहा कि ऋतिक को उन लोगों को रोकना चाहिए जो उनके नाम का इस्तेमाल कर उन्हें ऑनलाइन ट्रोल या परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आगे अपील की कि इस मामले को और न बढ़ाया जाए और अनावश्यक टिप्पणियों से बचा जाए।

ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया ट्रेंड पर क्या कहा था?

दरअसल, यह पूरा विवाद तब फिर चर्चा में आया जब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फ्रेडी बर्डी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि लोगों को ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए। इस पर ऋतिक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति का समर्थन सिर्फ इसलिए करना कि अब दूसरा व्यक्ति पसंद नहीं है, समाज की एक बड़ी समस्या को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वह उस समय का इंतजार करेंगे जब पूरे मामले को सही संदर्भ और तथ्यों के आधार पर देखा जाएगा। ऋतिक की इसी प्रतिक्रिया के बाद कंगना ने अपना बयान जारी किया।

क्यों वायरल हुआ ‘वी नीड टू अपोलोजाइज टू ऋतिक रोशन’ ट्रेंड?

सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड उस समय शुरू हुआ जब कंगना रनौत और सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के बीच बयानबाजी चल रही थी। बातचीत के दौरान सौरव ने मजाक में कहा था कि उनके दोस्त उन्हें ‘यंग ऋतिक रोशन’ कहते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स को साल 2016 का कंगना-ऋतिक विवाद याद आ गया। कई लोगों ने पुराने मामले को लेकर पोस्ट शेयर किए और ऋतिक का समर्थन करते हुए यह ट्रेंड चलाना शुरू कर दिया।

क्या था कंगना-ऋतिक विवाद?

कंगना और ऋतिक के बीच विवाद साल 2016 में शुरू हुआ था। कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को अपना “सिली एक्स” बताया था। इसके बाद ऋतिक ने कानूनी नोटिस भेजते हुए कहा था कि दोनों के बीच कभी कोई निजी रिश्ता नहीं था। इसके बाद कथित ईमेल बातचीत को लेकर भी विवाद बढ़ा। ऋतिक का आरोप था कि उनके नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर संदेश भेजे गए थे, जबकि कंगना का दावा था कि वह ईमेल आईडी खुद ऋतिक ने उन्हें दी थी। यह मामला लंबे समय तक मीडिया में सुर्खियों में रहा।

ऋतिक और सबा आजाद के रिश्ते की चर्चा

ऋतिक रोशन इन दिनों अभिनेत्री और सिंगर सबा आजाद को डेट कर रहे हैं। दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों, पार्टियों और छुट्टियों में साथ नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर भी दोनों एक-दूसरे के साथ तस्वीरें साझा करते रहते हैं। इससे पहले ऋतिक की शादी सुजैन खान से हुई थी। दोनों ने साल 2000 में शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया, लेकिन वे बच्चों की परवरिश मिलकर कर रहे हैं।

कंगना और ऋतिक के आने वाले प्रोजेक्ट्स

वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत जल्द ही आर. माधवन के साथ फिल्म ‘सर्कल’ में नजर आएंगी। इसके अलावा उनकी चर्चित फिल्म ‘क्वीन 2’ भी आने वाली है, जिसका दर्शकों को इंतजार है। वहीं ऋतिक रोशन की बात करें तो वह आने वाले समय में फिल्म ‘जेलर 2’ में कैमियो भूमिका में दिखाई देंगे। इससे पहले वह ‘वॉर 2’ में नजर आए थे, जिसमें उनके एक्शन को काफी पसंद किया गया था।

मुकेश खन्ना ने CJP प्रदर्शन पर उठाए सवाल, छात्रों को दी सख्त सलाह